इनेलो की कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित सैकड़ों परिवार इनेलो में शामिल. धनूर में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में पार्टी का थामा दामन

सिरसा, 24 फरवरी: जिले के गांव धनूर में बुधवार को सरपंच प्रतिनिधि देसराज जईया व पूर्व सरपंच लालचंद जोसन के संयोजन में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें गांव के सैकड़ों परिवारों ने अन्य राजनीतिक दलों को छोडक़र इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। इस कार्यक्रम के आयोजन से इनेलो परिवार को काफी बल मिला। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि देसराज जईया व पूर्व सरपंच लालचंद जोसन ने संयुक्त रूप से कहा कि उनका गांव लंबे अरसे से पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल की नीतियों का पक्षधर रहा है मगर पिछले कुछ समय के दौरान एक अन्य राजनीतिक दल द्वारा गुमराह किए जाने से वे अन्य राजनीतिक दलों में शामिल हो गए थे, मगर इनेलो की जनकल्याणकारी नीतियों ने उन्हें पुन: अपनी ओर आकर्षित किया है और अब गांव के सैकड़ों लोगों ने अपनी गलती सुधारते हुए पुन: इनेलो में शामिल होने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में गांव के अधिकांश लोग इनेलो द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में बढ़ चढक़र भाग लेंगे और इनेलो को अपने परिश्रम द्वारा पहले से भी ज्यादा मजबूत करेंगे। इस मौके पर इनेलो नेता ने पार्टी में शामिल होने वालों को इनेलो के चुनाव-चिह्न ‘चश्मे’ पर आधारित पटका पहनाकर उनका पार्टी में अभिनंदन किया और उन्हें पार्टी में पूरा सम्मान देने की बात कही। इस अवसर पर इनेलो में शामिल होने वालों में तनुज कुमार, हंसराज प्रधान, मनोहलाल जईया, मुकुंदलाल ढोट, मिलखराज ढोट, देसराज ढोट, हरबंस लाल ढोट, कश्मीरचंद ढोट, कुलबीर सिंह नंबरदार, यादविंद्र सिंह नंबरदार, नारायणदास मोमी, गुरजीत सिंह बाजीगर, रौनकलाल वाल्मीकि, मोमनराम वाल्मीकि, बीरमाराम बांवरी, गोकुल कुमार मिरोक, मक्खनलाल मोमी, बलदेव सिंह ठाकर व सुखदेव सिंह ठाकर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।

इनेलो नेता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे सदैव ग्रामीणों के सुख दुख में बराबर के सांझेदार रहेंगे और उन्हें प्रशासनिक स्तर पर आने वाली किसी भी समस्या से परेशान नहीं होने देंगे। गांव के विकास में वे गांव के एक-एक ग्रामीण के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपना सहयोग देंगे। इनेलो नेता ने कहा कि इनेलो पार्टी चौधरी देवी लाल का लगाया हुआ पौधा है जिसे प्रदेशवासियों ने अपने श्रम से सींचा है। उन्होंने ग्रामीणों से पुरजोर कहा कि पार्टी संगठन को गति देने के लिए वे भी परस्पर पार्टी को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि चौधरी देवी लाल की नीतियों पर चलने वाले पार्टी कार्यकर्ता ही इसकी मजबूत नींव है और कार्यकर्ता ही पार्टी का मजबूत भवन है। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इस दौरान इनेलो नेता ने सभी ग्रामीणों को चल रहे किसान आंदोलन को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने के साथ-साथ उन्हें तीनों कृषि कानूनों की बारीकियों को समझाया कि किस प्रकार इन कानूनों को अमलीजामा पहनाए जाने से किसान और देश बर्बाद हो जाएगा।

इस अवसर पर उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, रानियां हलकाध्यक्ष सुभाष नैन, सिरसा हलकाध्यक्ष गुरविंद्र सिंह, इनेलो के प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा व पार्टी के किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी रणधीर जोधकां भी मौजूद थे।

error: Content is protected !!