किसान बचेगा तभी देश बचेगा और आगे बढ़ेगा: कमल सिंह

भिवानी/मुकेश वत्स

 युवा कल्याण संगठन कितलाना टोल प्लाजा पर आंदोलनरत किसानों के स्वास्थ्य का भरपूर ध्यान रखे हुए है। लगातर 40 दिन से युवा कल्याण संगठन कमल सिंह प्रधान के संरक्षण में किसानों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवा दे रहा है, जिसमें अनेको चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संगठन के आह्वान पर डाक्टर संदीप कितलाना और डाक्टर मधु बाला कलकल किसानों को स्वास्थ्य लाभ दे रहे हैं।

संगठन के संरक्षक कमल सिंह ने बताया कि देश का अन्नदाता अपने अस्तित्व को बचाने के लिए पिछले 70 दिनों से संघर्ष कर रहा है। किसान बचेगा तभी देश बचेगा और आगे बढ़ेगा। किसान दिन रात आंदोलन स्थलों पर डटा हुआ है, ऐसे में कडकड़़ाती सर्दी में उसके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव भी पड़ रहा है। किसान स्वस्थ रह कर अपने हक की लड़ाई लड़ सके, इसीलिए युवा कल्याण संगठन ने उन्हें नि:शुल्क स्वास्थ्य व चिकित्सा सेवा देने का संकल्प उठाया है। इसी कड़ी में विगत 40 दिनों से अनुभवी चिकित्सों की सेवाएं संगठन कितलाना टोल पर दे रहा है।

कमल सिंह ने बताया कि सरकार की तानाशाही नीतियों के खिलाफ किसान आंदोलनरत है, ऐसे में समाज के हर वर्ग का फर्ज बनता है कि वो किसी ना किसी तरह से किसानों को समर्थन दे, ताकि किसानों का हौसला और ज्यादा बुलंद हो।