किसानों की आय दुगनी करने की बजाय भाजपा किसानों पर लाठी भांज रही है: दान सिंह

भिवानी/धामु

महेन्द्रगढ के कांग्रेसी विधायक राव दान सिंह आज सोमवार को कितलाना टोल पर किसानों को समर्थन देने के लिए पहुंचे। किसानों को संबोधित करते हुए राव दान सिंह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर किसान पिछले 68 दिन से धरने पर बैठे हुए हैं। लेकिन उनकी मांगों को सुना नहीं जा रहा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठे वायदे कर सत्ता हथिया ली लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। सत्ता में आने से पहले भाजपा ने किसानों की आय को दुगना करने की बात अपने घोषणा पत्र में कही थी। लेकिन आज उनकी आय को दोगुना करना तो दूर बल्कि उनके उपर लाठी चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के इस आंदोलन में कांग्रेस पार्टी उन किसानों के साथ खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की जनता आने वाले चुनावों में भाजपा को सबक सिखाएगी।

राव दान सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस द्वारा मनोहर लाल सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। उन्होंने आज केन्द्र सरकार द्वारा जारी किए गए बजट को आंकड़ों की बाजीगरी बताया। इस अवसर पर राव दान सिंह ने धरना समिति को 51 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा भी की।

error: Content is protected !!