भाजपा का मकसद पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाना, इसलिए नहीं किए जा रहे कानून रद्द- सैलजा

हिसार, 23 जनवरी- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। यह सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। यही कारण है कि सरकार में शामिल मंत्रियों को जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मंत्रियों को गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने में दिक्कत आ रही है। यह डरी हुई सरकार है। आज सरकार के मंत्रियों की लोगों के सामने जाने की हिम्मत नहीं हो रही है। गणतंत्र दिवस पूरा देश हर्षोल्लास के साथ मनाता है। किसान ट्रैक्टर मार्च निकालकर गणतंत्र दिवस मनाना चाहते हैं, यह किसानों का अधिकार है। हम उम्मीद करते हैं कि सरकार इसमें पूरा सहयोग करेगी।

यह बातें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने हिसार में पत्रकारों से बातचीत में कहीं। कुमारी सैलजा शनिवार को सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती के अवसर पर हिसार के कैंप चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंची थीं। इसके उपरांत कुमारी सैलजा रामायण टोल प्लाजा पर कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को अपना समर्थन देने पहुंचीं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि आजादी के समय बाहरी हुकूमतों से लड़ाई लड़ी गई थी और आज के दिन किसान एक नया आंदोलन छेड़े हुए हैं। इस आंदोलन की शुरुआत भाजपा सरकार ने करवाई है। अपने हकों के लिए इस भीषण ठंड में हमारे किसान और मजदूर सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं। कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के कारण भाजपा सरकार कृषि विरोधी काले कानूनों को रद्द नहीं करना चाहती है। पूंजीपतियों के हितों के आगे भाजपा सरकार को कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। यह बेहद ही दुखद है कि आज देश के अन्नदाताओं को सड़कों पर उतरकर अपने हितों की लड़ाई लड़नी पड़ रही है। अन्नदाताओं के इस संघर्ष में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी हुई है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ यह संघर्ष केवल किसानों का संघर्ष नहीं है। यह समस्त भारतवर्ष का संघर्ष है। क्योंकि कृषि क्षेत्र पर ही पूरी अर्थव्यवस्था निर्भर है। अगर किसान और मजदूर बर्बाद होगा तो देश की नैया कुछ पूंजीपति पार नहीं कर सकते हैं। देश की नैया केवल किसान और मजदूर ही पार कर सकते हैं। अहंकार में चूर भाजपा सरकार यह भूल गई है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार केवल बातचीत के नाम पर ढोंग कर रही है। भाजपा सरकार की मंशा शुरुआत से ही सही नहीं रही है। इस भीषण ठंड में 70 से ज्यादा किसान अपना बलिदान दे चुके हैं। लेकिन इस सरकार का दिल नहीं पसीज रहा है। किसानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सरकार को किसानों की मांगें माननी ही पड़ेंगी।

इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस महासचिव डॉ अजय चौधरी, हरियाणा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग, एचपीएससी पूर्व सदस्य जगन्नाथ,हरियाणा कांग्रेस लीगल सेल डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल, टैक्स ट्रिब्यूनल के पूर्व सदस्य हरपाल सिंह बूरा, कांग्रेस पार्टी पूर्व प्रवक्ता धर्मवीर गोयत,बरवाला विधानसभा क्षेत्र पूर्व प्रत्याशी भूपेंद्र गंगवा, हिसार विधानसभा क्षेत्र पूर्व प्रत्याशी रामनिवास राडा, हांसी विधानसभा क्षेत्र पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश पंघाल, उकलाना विधानसभा क्षेत्र पूर्व प्रत्याशी पूर्व प्रत्याशी बाला देवी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरि कृष्ण, कांग्रेस प्रवक्ता अश्विनी शर्मा, मुकेश सैनी, युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव कृष्ण सातरोडिया, वार्ड नंबर 20 पार्षद प्रतिनिधि सुशील शर्मा, जिला पार्षद रमेश श्योराण,निरंजन गोयल, मंगल ढ़ालिया, सुरेंद्र बजाज, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष स्नेह लता निंबल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद जाखड़, कमला सहरावत, संतोष जून, गीता सिहाग, जे.पी. ज्याणी, सुभाष गोयल,शशि गोयल, राज रानी, अशोक शर्मा, कांग्रेस प्रदेश सदस्य आईटी सेल संदीप काजल, मोतीलाल जांगड़ा, राधा कृष्ण नारंग, साधु राम, एडवोकेट कुलवंत सैनी, रवि सैनी, बजरंग आदमपुर धर्मपाल प्रधान आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!