कांग्रेस सरकार में पंचकूला में हुए थे अनेकों विकास कार्य, भाजपा सरकार में हुए ठप- सैलजा

पंचकूला, 16 दिसंबर- हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि पंचकूला में कांग्रेस सरकार के समय अनेकों विकास कार्य हुए थे। कांग्रेस सरकार के समय में केंद्र सरकार की बात हो या प्रदेश सरकार की बात हो यहां पर जमकर विकास कार्य हुए थे, प्रोजेक्ट आए थे। लेकिन आज भाजपा सरकार के शासनकाल में सब कुछ ठप पड़ा हुआ है। पंचकूला में कचरे के ढेर का बड़ा मुद्दा है। पिछले 6 वर्ष से भाजपा की सरकार है। लेकिन इसका हल नहीं निकाला गया है। कांग्रेस पार्टी द्वारा नगर निगम चुनाव जीतते ही इसका हल निकाला जाएगा। 

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बातें पंचकूला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी की मेयर पद की प्रत्याशी श्रीमती उपिन्द्र आहलूवालिया और कांग्रेस पार्टी के पार्षद पद के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते हुए कहीं। इसके उपरांत उन्होंने एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा हर विषय पर लोगों को बरगलाती है। चाहे 15 लाख की बात हो या स्वामीनाथन आयोग रिपोर्ट लागू करने की बात हो इस सरकार ने सिर्फ जनता को धोखा दिया है। इस सरकार के नोटबंदी और जीएसटी के फैसले ने अर्थव्यवस्था को तहस-नहस कर दिया।

 कुमारी सैलजा ने कहा कि पंचकूला में कांग्रेस पार्टी के समय अनेकों विकास कार्य हुए थे। करोड़ों रुपए कांग्रेस सरकार के समय में पंचकूला में आए थे और विकास कार्य हुए थे। लेकिन आज सब कुछ ठप पड़ा हुआ है। पंचकूला में कचरे के ढेर का बड़ा मुद्दा है। पिछले 6 वर्ष से भाजपा की सरकार है। लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। कांग्रेस पार्टी के नगर निगम चुनाव में जीतते ही इसका हल निकाला जाएगा। भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों को कुछ नहीं मिला है। पिंजौर में कांग्रेस सरकार ने मकान बनाए थे, आज वह खंडहर हो गए हैं। उन्हें अलॉट ही नहीं किया गया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस आम लोगों की बात करती है। विकास की बात करती है। आज भाजपा सरकार में किसान दुखी है। मजदूर दुखी है। कर्मचारी दुखी है। व्यापार दुखी है। आज किसान सड़कों पर बैठा है। अपने खेत छोड़कर अन्नदाता भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर हो जाए इससे दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता है। हमारी अर्थव्यवस्था किसान और मजदूर से चलती है। अगर किसान और मजदूर खुशहाल नहीं होगा तो देश की अर्थव्यवस्था ठप हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील करती हैं कि सभी मिलकर पूरी ताकत के साथ उतरकर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जमकर प्रचार करें। घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी का संदेश पहुंचाएं और कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाएं।

इस दौरान उनके साथ मेयर पद की प्रत्याशी उपिन्द्र आहलूवालिया, सभी पार्षद पद के प्रत्याशी, अंबाला नगर निगम चुनाव के पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा व पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा,  पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई, विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, हरियाणा महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सुधा भारद्वाज,प्रताप चौधरी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!