चंडीगढ़, 27 नवंबर। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे दमन के खिलाफ कर्मचारियों एवं मजदूरों ने भी मोर्चा खोल दिया है। पुलिस दमन के खिलाफ और किसान आंदोलन के समर्थन में शनिवार को कर्मचारी, पेंशनर्स व मजदूर सभी जिलों में आक्रोश प्रदर्शन करेंगे।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व महासचिव सतीश सेठी और मजदूर संगठन सीटू की प्रधान सुरेखा व महासचिव जयभगवान तथा रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान आर सी जग्गा व महासचिव राजेंद्र अहलावत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के कर्मचारी, पेंशनर्स व मजदूर किसानों के आंदोलन का तन-मन-धन से सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसान शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली आकर प्रर्दशन करना चाहते हैं, लेकिन सरकार ने उनको रोकने के लिए दिल्ली से लगते सभी रा’यों व दिल्ली की सभी सीमाएं सील कर दी है। उन्होंने कहा कि  इसके साथ ही सरकार के निर्देश पर पुलिस किसानों पर सर्दी के मौसम में वाटर कैनन व आश्रू गैस के गोले बरसा रही हैं। किसानों पर बल प्रयोग किया जा रहा है। जिसको किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि शनिवार को कर्मचारी, मजदूर व पेंशनर्स सभी जिलों में दमन के खिलाफ और किसानों के आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर आकर आक्रोश प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आंदोलन कर रहे किसानों को राज्य के कर्मचारियों, मजदूरों व पेंशनर्स की तरफ से तन-मन-धन का समर्थन एवं सहयोग का आश्वासन भी दिया है।

error: Content is protected !!