भारत सारथी, जुबैर खान नूंह
हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के उप नेता व नूह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने शुक्रवार को जिला कांग्रेस मुख्यालय पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी ज़जपा सरकार किसानों पर ज़ुल्म कर रही है। कोरोना के हालातों में किसानों पर सर्दी में ठंडे पानी से रोका जा रहा है और लाठियां बरसाई जा रही हैं। किसान जो हर धर्म के लोगों से मिलकर एक कौम है आज वो सड़क पर अपना हक मांगने उतरी हुई है लेकिन हक देना तो दूर बल्कि उनकी आवाज तक को कुचला जा रहा है।

नूह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने कहा कि मेवात के लोग हमेशा से सही का साथ देते आए हैं और जरूरतमंद की मदद करते हैं, आज फिर समय है कि किसान का साथ दिया जाए क्यूंकि मेवात की अर्थव्यवस्था किसान व खेती पर ही निर्भर है। उन्होंने अपील की कि जो जिस तरह से मदद कर सकता हो वो उस तरह किसान की मदद करें। सीएलपी उप नेता आफताब अहमद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और किसान मजदूर के नेता चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपील की है कि सभी कांग्रेस जन किसानों की सेवा सहयोग में लग जाएं, क्यूंकि किसान देश का पेट पालता है और आज उसे आम आदमी की जरूरत है।

सीएलपी उप नेता आफताब अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से लेकर राहुल गांधी तक सभी किसान के हकों की लड़ाई लड़ रहे हैं। किसान के साथ कांग्रेस खड़ी है जबकि बड़े उद्योगपती दोस्तों के साथ बीजेपी खड़ी है। इसी दौरान आफताब अहमद ने अहमद पटेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें खिराजे अकीदत पेश की। जुमे की नमाज के दौरान सभी लोगों ने उनके लिए दुआ की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अहमद पटेल के जीवन पर रौशनी डालते हुए उन्हें खिराजे अकीदत पेश की। पीसीसी सदस्य महताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता सीएलपी उप नेता की अगुवाई में किसानों के साथ खड़े हैं, हर संघर्ष में किसान का साथ दिया जायगा।

error: Content is protected !!