– उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने मांगें पूरी करने का दिया भरोसा

चंडीगढ़, 20 अक्टूबर। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) समेत प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों में लगे कच्चे कर्मचारियों (कॉन्ट्रैक्ट पर लगे असिस्टेंट प्रोफेसर, कच्चे सुरक्षा कर्मचारी, माली आदि) को वेतन नहीं मिलने के चलते छात्र संगठन इनसो ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को इस विषय से अवगत करवाया है।

मंगलवार को इनसो प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप देशवाल के नेतृत्व में इनसो का एक प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री से मिला। इस दौरान देशवाल ने डिप्टी सीएम को बताया कि पिछले चार महीनों से विश्वविद्यालयों के कच्चे कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है और जिसकी वजह से परेशान कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर है।

इनसो प्रदेशाध्यक्ष ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालयों के हॉस्टलों में लगे कच्चे मेस कर्मचारियों का वेतन भी उन्हें नहीं मिला है क्योंकि अधिकतक शिक्षण को-ऑपरेटिव मेस होने के कारण उनका वेतन छात्रों द्वारा वहन किया जाता था। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते विश्वविद्यालय व हॉस्टल कई महीनों से बंद पड़े है और मेस कर्मचारियों का वेतन अटका हुआ है। इनसो हरियाणा इकाई ने मांग की कि जब तक हॉस्टल नहीं खोले जाते तब तक विश्वविद्यालय प्रशासन को आगे आकर मेस कर्मचारियों को वेतन देना चाहिए। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इनसो की इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही और कहा कि जल्द से जल्द एमडीयू सहित प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कच्चे कर्मचारियों के वेतन की समस्या का समाधान किया जाएगा।

error: Content is protected !!