वार्षिक कार्ययोजना-2026 की समीक्षा में निगमायुक्त डॉ. पंकज ने दिए सख्त निर्देश, प्रदूषण नियंत्रण और सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रैफिक जाम के 33 चिह्नित स्थानों में से 30 पर सुधार कार्य पूरा, आईटीएमएस की 96 इकाइयां स्थापित, शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश

शहर में 41 हजार पेड़ और 4 लाख झाड़ियां लगाई गईं, प्रतिदिन 1500 मीट्रिक टन सीएंडडी वेस्ट के प्रसंस्करण का लक्ष्य हासिल

अधिकारियों को अपडेटेड आंकड़ों के साथ समीक्षा बैठक में उपस्थित होने और लंबित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश

गुरुग्राम, 25 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने बुधवार को वार्षिक कार्ययोजना-2026 के तहत शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और शहरी आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक किए गए कार्यों, उपलब्धियों और लंबित परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुधार और यातायात निगरानी से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा नवंबर माह तक दर्ज औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक, प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों तथा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संचालित जागरूकता गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की समीक्षा

बैठक में यातायात प्रबंधन एवं सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में 200 नई बसें शामिल करने के लक्ष्य का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, प्रस्तावित 80 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों में से 25 चालू किए जा चुके हैं तथा शेष स्टेशनों को दिसंबर तक शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए चिह्नित 33 स्थानों में से 30 स्थानों पर सुधार कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि तीन स्थानों पर कार्य शेष है। निगमायुक्त ने शेष स्थानों पर भी प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य पूरा करने को कहा।

आईटीएमएस के तहत कैमरा स्थापना और डाटा रिपोर्टिंग में तेजी लाने के निर्देश

इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) की समीक्षा में बताया गया कि 258 स्थानों पर प्रस्तावित 165 इकाइयों में से 96 का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 69 इकाइयों पर कार्य जारी है। इस दौरान निगमायुक्त ने कुछ स्थानों पर कैमरे स्थापित नहीं होने और पर्याप्त डाटा रिपोर्टिंग नहीं किए जाने पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईटीएमएस के तहत लंबित कैमरा स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए और सभी स्थापित उपकरणों से नियमित एवं प्रभावी डाटा रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित निगरानी से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और हरियाली बढ़ाने में महत्वपूर्ण प्रगति

धूल प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की समीक्षा में बताया गया कि नगर निगम गुरुग्राम ने प्रतिदिन 1500 मीट्रिक टन निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के प्रसंस्करण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इसके अतिरिक्त, शहर में अब तक 41 हजार पेड़ और चार लाख झाड़ियां लगाई जा चुकी हैं। धूल के हॉटस्पॉट की सफाई के तहत प्रतिदिन कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर की सड़कों पर नियमित मैकेनिकल स्वीपिंग और निरीक्षण का कार्य भी जारी है। निगमायुक्त ने इन गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने और धूल नियंत्रण के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

सड़क पुनर्विकास और लंबित कार्यों पर संबंधित विभागों को निर्देश

बैठक में गुरुग्राम रोड रीडेवलपमेंट प्लान के तहत सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्विकास, सड़क किनारे पार्किंग और हरियाली विकसित करने से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम के अधीन आने वाली सड़कों पर लंबित कार्यों का मुद्दा सामने आया। निगमायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को गति देने और सड़क सुधार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, व्यवस्थित पार्किंग और सड़क किनारे हरियाली शहर की यातायात व्यवस्था तथा पर्यावरण सुधार के लिए महत्वपूर्ण हैं।

एंटी-स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश

प्रदूषण नियंत्रण के लिए उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि शहर में स्थापित 19 एंटी-स्मॉग गन कार्यशील हैं, जबकि 10 वाटर स्प्रिंकलर में से छह चालू हैं। शेष चार वाटर स्प्रिंकलर को अगले तीन से चार दिनों में चालू करने के लिए तत्काल वर्क ऑर्डर जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, पुराने कचरे के निस्तारण का कार्य निर्धारित योजना के अनुसार जारी है तथा प्रतिदिन 1200 मीट्रिक टन नए ठोस कचरे के प्रसंस्करण की व्यवस्था भी की जा रही है। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मशीनों एवं उपकरणों की नियमित जांच करने और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा।

अधिकारियों की जवाबदेही तय, अपडेटेड रिपोर्ट के साथ उपस्थित होना अनिवार्य

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने बैठक में अधिकारियों की जवाबदेही पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में आयोजित होने वाली समीक्षा बैठकों में प्रत्येक विभाग का वही नामित नोडल अधिकारी उपस्थित हो, जिसे संबंधित विभाग की प्रगति, उपलब्धियों और लंबित कार्यों की पूरी जानकारी हो।

उन्होंने कहा कि अधिकारी बैठक में आने से पहले सभी आंकड़ों और प्रगति रिपोर्ट का सत्यापन अवश्य करें, ताकि समीक्षा वास्तविक स्थिति के आधार पर हो सके। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपनी अपडेटेड एवं समेकित प्रगति रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

प्रदूषण नियंत्रण और बेहतर नागरिक सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। केवल कार्यों की प्रगति बताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित होना चाहिए। अधिकारी नियमित निगरानी करें, लंबित कार्यों को प्राथमिकता दें और निर्धारित समय-सीमा में परिणाम दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर लंबित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र पूरा करें। साथ ही, प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपायों, सड़क सुधार, यातायात निगरानी और आधारभूत सुविधाओं के विकास में निरंतर प्रगति सुनिश्चित की जाए। नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से शहर में प्रदूषण नियंत्रण को प्रभावी बनाना, यातायात व्यवस्था को सुगम करना और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें