मताधिकार पर कांग्रेस का हल्ला बोल आज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान

मतदाता सूचियों में बदलाव की पारदर्शिता पर संजय दत्त, राव नरेंद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उठाए सवाल

चंडीगढ़, 7 अक्टूबर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने की शिकायतों और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस 8 अक्टूबर को हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ तथा राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाकर व्यापक जनांदोलन बनाने का संकल्प लिया है।

बुधवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदर्शन की तैयारियों और अभियान की आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में हुई। इसमें मतदाता सूचियों में बदलाव, पात्र मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों पर एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे और मतदाता सूची में किसी भी बदलाव के दौरान पारदर्शिता, उचित प्रक्रिया तथा दावा-आपत्ति के पर्याप्त अवसर की मांग उठाएंगे।

मतदाता सूची नागरिक के अधिकार का आधार : संजय दत्त

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर बदलाव और लोगों के नाम हटाए जाने की शिकायतें गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची केवल कागज का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार का आधार है। किसी भी पात्र मतदाता को उचित प्रक्रिया, पारदर्शिता और सुनवाई के बिना मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूचियों में बदलाव की प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा सूची से नाम हटने पर संबंधित मतदाताओं को सुनवाई और दावा-आपत्ति का पर्याप्त अवसर मिलने को लेकर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर होने वाले प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत जनआवाज बनेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में भाग लेने और आम लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

हर बूथ तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता : राव नरेंद्र सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से अनुचित तरीके से हटाया जाता है तो यह उसके लोकतांत्रिक अधिकार पर सीधा प्रहार है। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रत्येक मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना लोकतंत्र की बुनियादी शर्त है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से लोगों के बीच जाकर उन्हें उनके संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी। प्रशासनिक प्रक्रिया की आड़ में नागरिकों के मूल लोकतांत्रिक अधिकारों से खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सरकार से जवाब मांगेगी। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे कि कोई भी पात्र मतदाता अपने वोट के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा और अभियान को प्रदेशभर में जनांदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

वोट का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : हुड्डा

नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती हैं, इसलिए वोट का अधिकार ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से अनुचित ढंग से हटाना उसकी आवाज को चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने जैसा है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है। सरकार और संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल कागजी प्रक्रिया या प्रशासनिक लापरवाही के कारण सूची से बाहर न हो।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। मतदाता सूची से नाम हटाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का मजबूती से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ने तथा 8 अक्टूबर के जिला स्तरीय प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।

पंचकूला और अंबाला में वरिष्ठ नेताओं की भागीदारी

पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पंचकूला में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह अभियान का नेतृत्व करेंगे। वहीं, अंबाला के प्रदर्शन में संजय दत्त, राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा इंडिया गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के नेतृत्व करने की जानकारी दी गई है।

बैठक में सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक चौधरी आफताब अहमद, विधायक बी.बी. बतरा, विधायक चंद्रप्रकाश, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, करण सिंह दलाल, डॉ. एम.एल. रंगा, रणधीर राणा, धर्मवीर गोयत, एडवोकेट बजिंदर और सुरिंदर शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मताधिकार की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती तथा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जन-अभियान बनाने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!