गुरुग्राम में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को मिलेगी नई मजबूती, एफएंडसीसी ने 47.26 करोड़ रुपए के 9 कार्यों को दी मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई एफएंडसीसी की 10वीं बैठक, सभी छह जोन में अतिरिक्त मानवबल व मशीनरी, डोर टू डोर सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग पर जोर

गुरुग्राम, 6 अक्टूबर। गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था और ठोस कचरा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर निगम गुरुग्राम की वित्त एवं संविदा कमेटी (एफएंडसीसी) की 10वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता, सैनिटेशन एवं सीएंडडी वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े 9 महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई, जिनकी कुल लागत 47.26 करोड़ रुपए है। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, एफएंडसीसी सदस्य सुंदर सिंह व आशीष गुप्ता, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, निगम सचिव डॉ सिद्धार्थ खंडेलवाल सहित इंजीनियरिंग अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में स्वच्छता सेवाओं के लिए सभी छह जोन में अतिरिक्त मानवबल एवं मशीनरी उपलब्ध कराने, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन, दैनिक कचरे के प्रोसेसिंग के लिए आवश्यक सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर तथा मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

छहों जोन में बढ़ेगी सफाई व्यवस्था की क्षमता

बैठक में जोन-1 से जोन-6 तक प्रत्येक जोन के लिए अतिरिक्त मानवबल एवं मशीनरी उपलब्ध कराने को मंजूरी दी गई। इसके तहत बेहतर सैनिटेशन सेवाओं के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी जैसी मशीनरी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक जोन के लिए 455.89 लाख रुपए की राशि निर्धारित की गई है। छहों जोन के लिए इस मद में करीब 27.35 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
अतिरिक्त संसाधनों की उपलब्धता से वार्ड एवं जोन स्तर पर कचरा उठान, सफाई कार्यों तथा विशेष स्वच्छता अभियानों को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

500 टीपीसी सीएंडडी वेस्ट का होगा डोर-टू-डोर कलेक्शन

कमेटी ने नगर निगम गुरुग्राम में 500 टन प्रतिदिन सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन से संबंधित कार्य को भी मंजूरी दी। इस कार्य की लागत करीब 4.34 करोड़ रुपए है। इससे निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के व्यवस्थित संग्रहण एवं प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा। सड़कों, खाली स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सीएंडडी वेस्ट के अनियंत्रित जमाव को रोकने में भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण साबित होगी।

दैनिक कचरे की प्रोसेसिंग के लिए चार शेड विकसित होंगे

एफएंडसीसी ने दैनिक रूप से उत्पन्न कचरे की प्रोसेसिंग के लिए चार सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर शेड विकसित करने के कार्य को भी मंजूरी दी। इस कार्य के लिए लगभग 9.92 करोड़ रुपए की राशि निर्धारित की गई है। इस बुनियादी ढांचे के विकसित होने से कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन और प्रोसेसिंग क्षमता को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

मैकेनिकल रोड स्वीपिंग से सड़कों की सफाई को मिलेगी गति

बैठक में मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन एवं रखरखाव के कार्य को भी मंजूरी प्रदान की गई। इसके लिए छह महीने की अवधि के लिए 5.64 करोड़ रुपए की राशि निर्धारित की गई है। मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के नियमित संचालन से प्रमुख सड़कों एवं चिन्हित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी छह जोन में अतिरिक्त मानवबल और मशीनरी उपलब्ध कराने का निर्णय महत्वपूर्ण है। सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन, कचरा प्रोसेसिंग के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तथा मैकेनिकल रोड स्वीपिंग की सुविधा बढ़ने से नागरिकों को बेहतर सफाई सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। निगम का प्रयास है कि स्वच्छता व्यवस्था को केवल अभियानों तक सीमित न रखते हुए इसे नियमित और प्रभावी व्यवस्था बनाया जाए।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम द्वारा सफाई एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। एफएंडसीसी द्वारा स्वीकृत इन कार्यों से सभी छह जोन में सफाई कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन और कचरा प्रोसेसिंग के लिए अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर से कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के प्रभावी संचालन से प्रमुख सड़कों की सफाई व्यवस्था भी बेहतर होगी। हमारा लक्ष्य है कि गुरुग्राम के नागरिकों को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों।

सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला व डिप्टी मेयर अनूप सिंह ने कहा कि कमेटी द्वारा स्वीकृत ये कार्य गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था को संसाधन, तकनीक और बेहतर कचरा प्रबंधन के माध्यम से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!