कथित ऑडियो प्रकरण में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग, एक नवंबर को सेक्टर-3 में बड़ी सभा करेंगे नीरज शर्मा
फरीदाबाद, 6 अक्टूबर। नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी के नाम से वायरल हुए कथित ऑडियो में बिहार एवं पूर्वांचल के लोगों के प्रति आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने तिलपत के बाद अब बल्लभगढ़ में जनसंपर्क तेज कर दिया है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी एक नवंबर को बल्लभगढ़ के सेक्टर-3 सामुदायिक भवन में तिलपत महापंचायत की तर्ज पर बड़ी सभा आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रवासी समाज के लोगों के साथ विभिन्न स्थानों पर बैठकें की जा रही हैं।
बल्लभगढ़ में कई बैठकों के बाद नीरज शर्मा शिव कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस के महामंत्री उमेश कौशिक के निवास पर पहुंचे। यहां आयोजित बैठक में उमेश कौशिक तथा उपस्थित गणमान्य लोगों ने फूलमालाओं और पगड़ी से उनका स्वागत किया। शर्मा ने लोगों से एक नवंबर की सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
सम्मान और जवाबदेही की मांग
नीरज शर्मा ने कहा कि नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी और एक पूर्व पार्षद के बीच बातचीत का बताया जा रहा कथित ऑडियो प्रवासी समाज के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें प्रवासी समाज के प्रति अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। किसी भी अधिकारी को किसी क्षेत्र या समाज के लोगों के प्रति अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि वायरल ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष जांच जल्द पूरी की जाए और दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। शर्मा ने दावा किया कि उनके आवाज उठाने के बाद संबंधित अधिकारी का तबादला किया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में उसे रद्द कर दिया गया। उन्होंने इसे प्रवासी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम बताया।
शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी जाति, क्षेत्र या व्यक्ति के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य सम्मान, समानता और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को विकसित करने में हरियाणा के लोगों के साथ बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और देश के अन्य हिस्सों से आए लोगों की मेहनत तथा योगदान शामिल है। ऐसे में प्रवासी समाज के सम्मान की रक्षा करना शासन और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है।
परिवहन सुविधाओं पर उठाए सवाल
बैठक में नीरज शर्मा ने बल्लभगढ़ की परिवहन सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ में रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और बस अड्डा पास-पास होना शहर की बड़ी विशेषता है। इस सुविधा का उपयोग करते हुए क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर के परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए था।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के लंबे कार्यकाल के बावजूद बल्लभगढ़ से आगे मेट्रो विस्तार की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। उन्होंने प्रमुख रेलगाड़ियों का बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने और स्टेशन के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने की मांग की। शर्मा के अनुसार, जीर्णोद्धार का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है।
पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने पत्र क्रमांक 198, दिनांक 17 फरवरी 2020 के माध्यम से सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान बल्लभगढ़ में मौजूद इन परिवहन सुविधाओं तथा इनके समन्वित विकास की संभावनाओं की ओर दिलाया था।
पेयजल और मोहना रोड पुल का मुद्दा भी उठा
नीरज शर्मा ने आरोप लगाया कि लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रश्नों पर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जवाब देना चाहिए।
मोहना रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर उन्होंने कहा कि यह अभी तक न तो जीटी रोड से जुड़ा है और न ही मुंबई एक्सप्रेसवे से। उन्होंने निर्माण की योजना और उसमें लग रहे समय पर सवाल उठाते हुए राय रखी कि वहां अंडरपास का विकल्प अधिक उपयोगी हो सकता था। उनके अनुसार, इससे निर्माण में समय और धन की बचत के साथ व्यापारियों को भी राहत मिल सकती थी।
बैठक में देवकरण, एडवोकेट सर्वेश, प्रोफेसर जे.के. सिंह, रामनिवास राठी, थानसिंह, महावीर, सुभाष, राजपाल सिंह, दीपक, राकेश, सुरेश शर्मा, हीरा, ओमदत्त, रवि, शेखर, महेंद्र, सारांश, हार्दिक, दीपक गुप्ता, श्रवण, मास्टर जगमोहन और राहुल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









