पैतृक गांव सिसाना पहुंचने पर जयदीप दहिया का किया अभिनंदन
कहा – एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर जयदीप ने बढ़ाया हरियाणा का गौरव

चंडीगढ़, 3 अक्टूबर-हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली ने 2026 एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले सोनीपत के सिसाना गांव निवासी श्री जयदीप दहिया का गांव पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। भारतीय टीम ने एशियन गेम्स के कबड्डी फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता है।
श्री मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जयदीप दहिया की यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं और जयदीप ने अपनी मेहनत, अनुशासन एवं प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं होती, बल्कि उनकी उपलब्धियां युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं। हरियाणा के खिलाड़ियों ने समय-समय पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जयदीप दहिया की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
श्री बड़ौली ने जयदीप दहिया को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जयदीप की उपलब्धि पर सिसाना गांव, सोनीपत और पूरे हरियाणा को गर्व है।
इस अवसर पर जयदीप दहिया के पिता श्री कुलदीप, श्री अशोक भारद्वाज, श्री आजाद सिंह नेहरा, श्री रामेश्वर, सरपंच श्री सुरेश दहिया, सरपंच श्री जगबीर, सुरेंद्र प्रधान दहिया खाप, कोच श्री नरेंद्र दहिया, कोच श्री रमेश दहिया, कोच श्री मनजीत दहिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








