संजय दत्त, राव नरेंद्र सिंह, सुखबीर कटारिया और निशित कटारिया ने किए दर्शन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर ध्यान देने की मांग
गुरुग्राम। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया और हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने गुरुग्राम स्थित प्रसिद्ध मां शीतला माता मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का दौरा कर अधूरे पड़े निर्माण कार्यों की स्थिति देखी और प्रशासन से इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए। मंदिर परिसर में लंबे समय से अधूरे पड़े भवन का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके।
आस्था से जुड़े कार्यों में देरी अनुचित
संजय दत्त ने कहा कि मां शीतला माता मंदिर गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों की आस्था का केंद्र है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर लंबे समय से अधूरे पड़े भवन का निर्माण शीघ्र पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। मंदिर भवन का अधूरा निर्माण लंबे समय से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। संबंधित विभाग और प्रशासन को इस कार्य को प्राथमिकता देकर पूरा कराना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाओं के लिए इंतजार न करना पड़े।
हवन स्थल का कार्य पूरा कराने पर जोर
पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने कहा कि मां शीतला माता मंदिर गुरुग्राम की धार्मिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में अधूरे पड़े हवन स्थल का कार्य जल्द पूरा कर उसे श्रद्धालुओं को समर्पित किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया भी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की मांग की।








