एमसीजी टीम ने कचरा संवेदनशील स्थलों को कचरा मुक्त करके किया सौंदर्यकरण, नागरिकों से सहयोग की अपील

गुरुग्राम, 3 अक्टूबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे ‘जीवीपी मुक्त अभियान’ के दूसरे दिन स्वच्छता एवं सौंदर्यकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। अभियान के तहत टिकरी गांव में नगर निगम की टीम ने कचरा संवेदनशील स्थल (जीवीपी) को समाप्त कर स्थल का सौंदर्यकरण किया। इसके साथ ही दिल्ली–जयपुर एक्सप्रेसवे, सेक्टर-18 स्थित जीवीपी को भी स्वच्छ एवं सुंदर स्थल में परिवर्तित किया गया।
टिकरी गांव में जीवीपी का हुआ कायाकल्प
टिकरी गांव में मेगापोलिस के पास एमसीजी टीम द्वारा जीवीपी को समाप्त कर पूरे स्थल की सफाई की गई तथा इसे बेहतर एवं स्वच्छ स्वरूप दिया गया। कार्रवाई के बाद स्थानीय क्षेत्र की तस्वीर में स्पष्ट बदलाव देखने को मिला। निगम टीम ने मौके पर स्थानीय निवासियों से संवाद करते हुए अपील की कि साफ किए गए स्थल पर दोबारा कूड़ा न डालें। साथ ही लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने का आह्वान किया गया।
सेक्टर-18 में बदली तस्वीर
अभियान के तहत दिल्ली–जयपुर एक्सप्रेसवे, सेक्टर-18 स्थित जीवीपी का भी कायाकल्प किया गया। जीवीपी की सफाई एवं स्थल के सौंदर्यकरण के बाद क्षेत्र को बेहतर स्वरूप दिया गया। यह बदलाव खुले में कचरा डालने की समस्या से निपटने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है।
सफाई के बाद स्थल को स्वच्छ रखना भी जरूरी
नगर निगम की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि जिन स्थलों को कचरा मुक्त कर स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा रहा है, वहां दोबारा कचरा न डालें। नागरिक कचरे को निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था के माध्यम से ही दें और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। जीवीपी मुक्त अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी से इन स्थलों को दोबारा कचरा संवेदनशील स्थल बनने से रोकना भी है।
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ गुरुग्राम
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में एमसीजी टीम के प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नागरिकों से लगातार सहयोग की अपील की जा रही है। अभियान के दौरान 11 अक्टूबर तक प्रतिदिन 2 जीवीपी की तस्वीर बदली जाएगी।









