किसान मंडियों में परेशान, युवाओं का भविष्य अनिश्चित : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अटेली ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में बाजरा खरीद, अग्निवीर योजना और स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार से मांगा जवाब

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान—हर कार्यकर्ता जनता की आवाज बने, जिम्मेदारी के साथ जवाबदेही निभाए

चंडीगढ़/अटेली, 2 अक्टूबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने के लिए मंडियों में परेशान है, युवा रोजगार और सुरक्षित भविष्य को लेकर चिंतित हैं तथा आम परिवार महंगाई और जरूरी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। सरकार को इन सवालों पर ठोस कदम उठाते हुए जनता के प्रति अपनी जवाबदेही निभानी चाहिए।

अटेली में उनकी अध्यक्षता में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में किसानों, युवाओं, बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही कांग्रेस संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया गया।

सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करके हुई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं जनसेवा के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों का स्मरण किया।

हर बूथ बने कांग्रेस की ताकत का केंद्र

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, प्रत्येक कार्यकर्ता से सीधा संवाद कायम रखना और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना पार्टी की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने से संगठन मजबूत नहीं होता। कार्यकर्ताओं को गांवों और बूथों पर लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में भागीदार बनना होगा तथा उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाना होगा। प्रत्येक बूथ कांग्रेस की ताकत का केंद्र और प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की आवाज बने।

राव नरेंद्र सिंह ने संगठन में जिम्मेदारी के साथ जवाबदेही की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को अपना दायित्व पूरी निष्ठा से निभाना होगा। छात्र, किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक से जुड़े सवालों को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाया जाना चाहिए। उन्होंने “छात्रों की गूंज” को गांव और बूथ तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सहयोग और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा, “आप सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।”

बाजरे के घोषित भाव का लाभ कब और कैसे मिलेगा?

बाजरे की खरीद को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करता है, लेकिन उसे बेचने के लिए मंडियों में परेशान होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने भावांतर भरपाई योजना के तहत बाजरे के लिए 2,900 रुपये प्रति क्विंटल सुनिश्चित करने की बात कही है, जबकि किसानों की शिकायत है कि मंडियों में बाजरा लगभग 2,200 से 2,300 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रहा है। ऐसे में सरकार स्पष्ट करे कि किसानों को घोषित राशि का पूरा लाभ किस प्रक्रिया से और कितने समय में मिलेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता, फसल की खरीद, भुगतान और उचित मूल्य जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। किसान को अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों में भटकना न पड़े और उसे समय पर उचित मूल्य मिले, यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

अग्निवीर योजना से युवाओं के भविष्य पर सवाल

राव नरेंद्र सिंह ने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं के लिए सेना में भर्ती केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि देशसेवा, सम्मान और स्थिर भविष्य का अवसर भी है। उनके अनुसार, सीमित अवधि की सेवा के बाद युवाओं के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता खड़ी होती है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा कड़ी मेहनत करके सेना में जाने का सपना देखता है। उसे सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य उपलब्ध कराने की जरूरत है। प्रदेश में बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में हैं और बेहतर अवसरों के लिए पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। सरकार को स्थायी रोजगार के अवसर और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री के क्षेत्र में अस्पताल की बदहाली क्यों?

अटेली की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र की विधायक प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं, इसके बावजूद स्थानीय अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग और आवश्यक पैरामेडिकल स्टाफ की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त उपचार उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “अस्पताल का काम मरीजों का इलाज करना है, मरीजों को बार-बार रेफर करना नहीं।”

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि अटेली और आसपास के लोगों को उपचार के लिए नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अटेली की जनता को अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर और बेहतर इलाज चाहिए। सरकार को डॉक्टरों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ जरूरी दवाइयां, उपकरण और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करानी चाहिए।

अपराध, रंगदारी और फिरौती पर जवाबदेही तय हो

प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि अपराध, रंगदारी और फिरौती की घटनाओं से आम नागरिकों तथा व्यापारियों में चिंता का माहौल है। सरकार को इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने के साथ जवाबदेही तय करनी होगी।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है और जनता की सुरक्षा से जुड़े सवालों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

महंगाई से बिगड़ा बजट, गरीबों के लाभ सुरक्षित रहें

महंगाई का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि खाद्य पदार्थों से लेकर घरेलू जरूरतों तक बढ़ते खर्च से आम परिवार आर्थिक दबाव महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकारी डिपो पर मिलने वाले तेल की कीमतों में कथित बढ़ोतरी, राशन एवं बीपीएल कार्ड से जुड़ी समस्याओं और रसोई गैस के खर्च का भी उल्लेख किया।

उन्होंने मांग की कि गरीब परिवारों के राशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभों में किसी प्रकार की कटौती नहीं होनी चाहिए। पात्र परिवारों को उनके अधिकार समय पर मिलें। उन्होंने स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने और सरकारी अस्पतालों में जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की।

मतदाता अधिकारों और पारदर्शिता पर संघर्ष जारी रहेगा

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता के अधिकार सर्वोपरि हैं। कांग्रेस इनसे जुड़े सवालों को लगातार उठाती रहेगी।

उन्होंने ‘वोट चोरी’ और ‘चंदा चोरी’ के आरोपों, राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े कथित ‘शुद्धीकरण’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी इन मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

उन्होंने राम मंदिर के नाम पर जुटाए गए चंदे से जुड़े सवालों का भी उल्लेख किया और कहा कि सार्वजनिक महत्व के मामलों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही आवश्यक है।

जनता के मुद्दे बनेंगे संगठनात्मक संघर्ष का आधार : ललित यादव

विधायक ललित यादव ने राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने अटेली की मौजूदा विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया।

ललित यादव ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान की फसल, युवा का रोजगार, गरीब का राशन, मरीज का इलाज, छात्र की शिक्षा और आम नागरिक की सुरक्षा कांग्रेस के संगठनात्मक संघर्ष के प्रमुख मुद्दे होंगे।

उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ता और जनता के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष ही कांग्रेस की ताकत है। कार्यकर्ता लोगों के बीच रहकर उनके अधिकारों और समस्याओं की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे।

पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सतबीर झुकिया, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव अनीता यादव, नरेश मलिक, रमेश मलिक, दीपक लांबा, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण राव, महिला प्रधान डॉ. राज सुनेश, तोताराम कोहली, ब्लॉक प्रधान सुमेर, दिलीप, मनपाल यादव, सुधीर कुमार, विक्रम सिंह, राजकुमार, राम रूप, यादविंदर राव, सुरेंद्र पाराशर, अजीत यादव, सुमेर, होशियार सिंह, मास्टर धर्मेंद्र, अनुसूचित जाति विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल, उपाध्यक्ष अमर सिंह, कमलेश सैनी, अनुज जांगड़ा, महेंद्र रता, राम अवतार, रेखा दहिया, तेजपाल, तरुण यादव, रमेश ठेकेदार, राजन, संदीप बेवाल, बलवंत मोहनपुर, बजिंदर गढ़िया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!