: प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों के साथ की बैठक

पंचकूला, 1 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में सघन सफाई अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता जनप्रतिनिधियों और आमजन की भागीदारी के साथ जिला से लेकर मंडल स्तर तक चिह्नित स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश देंगे।
वीरवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक की शुरुआत भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जिला से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं की विशेष रूप से जिम्मेदारी तय कर सफाई अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में खादी और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी विशेष चर्चा हुई। प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपने परिवार सहित खादी भंडारों पर जाने और खादी के वस्त्र खरीदकर स्वदेशी के प्रति लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं को खादी के महत्व, उसके गौरवशाली इतिहास और स्वदेशी भावना से जोड़ने की आवश्यकता है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आज युवाओं में विभिन्न विदेशी ब्रांड के वस्त्रों के प्रति आकर्षण है, इसलिए खादी को आधुनिक पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाने चाहिए। कार्यकर्ता स्वयं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और समाज को भी स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छता और स्वदेशी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। गांधी जयंती पर भाजपा कार्यकर्ता इन दोनों संकल्पों को जनभागीदारी से जोड़कर प्रदेशभर में आगे बढ़ाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, वेद फुल्ला सहित प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।








