– *बैठक में वार्ड-27 के पार्षद अशीष गुप्ता को निर्विरोध बनाया गया एफएंडसीसी सदस्य*
– *हर वार्ड में 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली व 50 सफाई कर्मचारियों की तैनाती का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित*
– *वार्ड-21 की 272 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटाकर चारदीवारी बनाने का निर्णय*

गुरुग्राम, 1 अक्तुबर। मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में वीरवार को नगर निगम गुरुग्राम सदन की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्ड-27 के पार्षद आशीष गुप्ता को सर्वसम्मति से निर्विरोध वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) का सदस्य चयनित किया गया। सदस्य चुने जाने पर मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर, निगमायुक्त सहित निगम अधिकारियों एवं पार्षदों ने आशीष गुप्ता को बधाई दी।
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने तथा निगम की संपत्तियों के संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सदन ने इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित करते हुए शहर की नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया।

*हर वार्ड में बढ़ेगी सफाई व्यवस्था की क्षमता*
सदन की बैठक में गुरुग्राम की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 50 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इससे वार्ड स्तर पर सफाई कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों और मानवबल में वृद्धि होगी। इस व्यवस्था से नियमित सफाई के साथ-साथ अतिरिक्त कचरे के उठान, सफाई अभियानों और जरूरत के अनुसार विशेष सफाई कार्यों को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी। वार्डों में पर्याप्त मानवबल और वाहनों की उपलब्धता से सफाई व्यवस्था की निगरानी एवं क्रियान्वयन को भी मजबूती मिलेगी।
*वार्ड-21 की 272 एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय*
बैठक में वार्ड-21 के अंतर्गत 272 एकड़ जमीन की डिमार्केशन कराने का निर्णय लिया गया। डिमार्केशन के बाद जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाने तथा भूमि को नगर निगम के अधिपत्य में लेने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए चारदीवारी का निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया। इस कदम से निगम की भूमि को भविष्य में होने वाले अतिक्रमण से सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी तथा सार्वजनिक संपत्तियों का बेहतर संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
*सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जैटिंग व सुपर सकर मशीनें*
शहर की सीवरेज व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सदन में प्रत्येक दो वार्डों पर एक सुपर सकर मशीन और प्रति वार्ड एक जैटिंग मशीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इन मशीनों की उपलब्धता से सीवर लाइनों की सफाई, गाद एवं अवरोध हटाने तथा सीवरेज संबंधी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। स्थानीय स्तर पर मशीनरी उपलब्ध होने से आवश्यकता पडऩे पर संबंधित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई भी की जा सकेगी।
*आरओडब्ल्यू को अतिक्रमण मुक्त कराने पर भी जोर*
बैठक में राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) से अतिक्रमण हटाने का निर्णय भी लिया गया। निगम क्षेत्र में सडक़ों एवं सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित आरओडब्ल्यू को अतिक्रमण मुक्त रखने से यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक आवागमन तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
*जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर*
बैठक के दौरान शहर की सफाई, सीवरेज, सार्वजनिक भूमि के संरक्षण और अतिक्रमण हटाने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। सदन में पारित प्रस्तावों का उद्देश्य वार्ड स्तर पर नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना और निगम की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।
*मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि* नगर निगम का मुख्य उद्देश्य गुरुग्राम के नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक वार्ड में अतिरिक्त संसाधन एवं सफाई कर्मचारियों की तैनाती महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम सदन, अधिकारियों और पार्षदों को मिलकर कार्य करना होगा। साथ ही, निगम की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर उसका संरक्षण सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है।
*निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि* नगर निगम द्वारा सफाई, सीवरेज और सार्वजनिक भूमि से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में अतिरिक्त मानवबल एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियां उपलब्ध होने से सफाई कार्यों की क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जैटिंग और सुपर सकर मशीनों की उपलब्धता से सीवरेज संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। निगम द्वारा स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाले गुरुग्राम के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, निगम अधिकारीगण एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।








