नम आँखों से दी नन्द लाल शर्मा को अंतिम श्रद्धांजलि, श्रद्धांजलि सभा बनी प्रेरणा सभा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देशभर के नेताओं, विद्युत क्षेत्र की हस्तियों और गणमान्य व्यक्तियों ने दी श्रद्धांजलि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिजनों से मिलकर जताया शोक

चंडीगढ़, 2 अगस्त- हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के अध्यक्ष एवं एसजेवीएन  के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक स्वर्गीय श्री नन्द लाल शर्मा की पावन स्मृति में रविवार को पंचकूला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यह सभा केवल शोक व्यक्त करने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके आदर्शों, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण करने तथा उन्हें जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का अवसर बन गई। देशभर के राजनीतिक, प्रशासनिक और विद्युत क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों द्वारा भेजे गए शोक संदेशों को पढ़ा  गया। पूरा वातावरण भावुक था और उपस्थित सभी लोगों ने नम आँखों से स्वर्गीय श्री नन्द लाल शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व, गरिमामय सार्वजनिक जीवन और ऊर्जा क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा से पूर्व हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार शाम पंचकूला स्थित स्वर्गीय श्री नन्द लाल शर्मा के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। स्वर्गीय श्री शर्मा अपने पीछे पत्नी श्रीमती ललिता शर्मा, पुत्र अभिनव शर्मा, पुत्री अदिति शर्मा तथा दामाद श्री वासु डोगर (आईएफएस) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

सभा में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री शांता कुमार, हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह तथा एसजेवीएन की पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्रीमती गीता कपूर सहित अनेक प्रमुख हस्तियों के शोक संदेश पढ़े गए। सभी ने श्री नन्द लाल शर्मा को एक दूरदर्शी प्रशासक, कुशल प्रबंधक और ऊर्जा क्षेत्र का सशक्त नेतृत्वकर्ता बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।

इस अवसर पर एचईआरसी के सदस्य एवं  कार्यवाहक अध्यक्ष श्री मुकेश गर्ग ने कहा, “आज की यह श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि एक प्रेरणा सभा प्रतीत हो रही है।” उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री नन्द लाल शर्मा ने हमेशा बिजली उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में आयोग की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित आधारित बनी। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा के आदर्श, सादगी और कार्य के प्रति समर्पण सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

एचईआरसी के सदस्य श्री शिव कुमार ने कहा कि स्वर्गीय श्री नन्द लाल शर्मा का जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण था। उपभोक्ताओं के हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और पारदर्शी कार्यशैली उन्हें एक अलग पहचान देती थी। ऊर्जा क्षेत्र में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा में एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) श्री अजय कुमार शर्मा, हिमाचल प्रदेश कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री अजय मित्तल, एसजेवीएन के पूर्व कार्यकारी निदेशक श्री सलील शमशेरी ने भावुक होकर श्री नन्द लाल शर्मा को श्रद्धांजलि दी।  हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग अपने प्रिय नन्द लाल शर्मा को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनसे जुड़ी स्मृतियों को भावुक होकर साझा किया।

सभा के अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने का साहस प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। पूरे आयोजन में एक ही भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी कि स्वर्गीय श्री नन्द लाल शर्मा केवल एक सफल प्रशासक ही नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों, पारदर्शिता, जनसेवा और उपभोक्ता हितों के प्रति समर्पण के कारण सदैव प्रेरणा बने रहेंगे। यही कारण रहा कि श्रद्धांजलि सभा, उपस्थित सभी लोगों के लिए एक सच्ची “प्रेरणा सभा” बन गई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!