238 मरीजों ने उठाया लाभ, पंजाबी बिरादरी महासंगठन का 38वां नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर सफल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पारस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, 238 मरीजों को नि:शुल्क जांच, परामर्श और दवाइयां मिलीं

गुरुग्राम। पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम द्वारा श्री गंगा गिरी कुटिया (बसई रोड) में आयोजित 38वें नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप में 238 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। शिविर का आयोजन श्री गंगा गिरी कुटिया के महामंत्री रमेश कुमार ने अपने दिवंगत माता-पिता की स्मृति में पारस हॉस्पिटल के चिकित्सकों के सहयोग से कराया।

शिविर में जनरल फिजिशियन, स्त्री रोग, दंत रोग और शिशु रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। इसके साथ ही ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट और ईसीजी जैसी जांचें भी नि:शुल्क की गईं। ‘मैनकाइंड फार्मा’ की ओर से जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. परमेश्वर अरोड़ा ने भी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया।

कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी एवं उद्योगपति तथा सिस्टोपिक लैबोरेट्रीज प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक पी.के. दत्ता मुख्य अतिथि रहे, जबकि एच.एस. चावला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी तिलक राज मल्होत्रा की उपस्थिति भी रही। अतिथियों और चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।

महासंगठन के अध्यक्ष बोध राज सीकरी ने कहा कि संस्था समाज सेवा को अपना प्रमुख उद्देश्य मानते हुए नियमित रूप से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महासंगठन के प्रधान ओम प्रकाश कथूरिया, वरिष्ठ उपप्रधान प्रमोद सलूजा, महामंत्री राम लाल ग्रोवर, महामंत्री गजेंद्र गोसाई, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार, श्री गंगा गिरी कुटिया के प्रधान सुनील चावला एवं ठाकुरदास सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में पंजीकरण की व्यवस्था रचना बजाज और हरीश कुमार ने संभाली, जबकि मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों तक सुव्यवस्थित ढंग से पहुंचाने का दायित्व राकेश गोसाई ने निभाया। इसके अलावा किशोरी लाल डूडेजा, युधिष्ठिर अलमादी, रमेश कामरा, रमेश मुंजाल, अनिल कुमार, रवि मिनोचा, मनमोहन, श्रीमती सुरेश सीकरी, डॉ. अलका शर्मा एवं गीता हसीजा सहित अनेक समाजसेवियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!