नवंबर में होगा विशाल ब्राह्मण महासम्मेलन, मुख्यमंत्री से मिलेगा 151 सदस्यीय शिष्टमंडल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ब्राह्मण कल्याण आयोग के गठन और भगवान परशुराम जयंती को सरकारी स्तर पर मनाने की मांग दोहराई

फरीदाबाद, 2 अगस्त। ब्राह्मण महासभा हरियाणा ने नवंबर 2026 में राज्य स्तरीय विशाल ब्राह्मण महासम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही संगठन ने निर्णय लिया है कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 151 सदस्यीय शिष्टमंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके निवास पर मुलाकात करेगा।

यह घोषणा रविवार को बल्लभगढ़ स्थित जिला ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्राह्मण सभा फरीदाबाद के प्रधान मोतीलाल सीही ने की, जबकि संचालन तुलाराम शास्त्री ने किया। बैठक में ब्राह्मण महासभा हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष पं. जिले सिंह पिचौलिया मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

पं. जिले सिंह पिचौलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ब्राह्मण कल्याण आयोग के गठन तथा भगवान परशुराम प्रकटोत्सव को सरकारी स्तर पर मनाने की घोषणा किए जाने के बावजूद अब तक इन पर अमल नहीं हुआ है, जिससे समाज में असंतोष है। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लागू कराने के लिए शीघ्र ही मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल मिलेगा।

उन्होंने बताया कि नवंबर में प्रस्तावित विशाल ब्राह्मण महासम्मेलन में हरियाणा सहित देशभर से बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। सम्मेलन में समाज की भावी रणनीति और संगठनात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

60 हजार सदस्यीय संगठन बनाने की योजना

बैठक में संगठन विस्तार का खाका भी प्रस्तुत किया गया। इसके तहत राज्य स्तर पर 151 सदस्य, मंडल स्तर पर 51, जिला स्तर पर 31, ब्लॉक स्तर पर 21 तथा गांव और वार्ड स्तर पर 11-11 सदस्यों की समितियां गठित कर लगभग 60 हजार सदस्यों का संगठन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया।

साथ ही सेवानिवृत्त आईएएस, आईपीएस, एचसीएस अधिकारियों, संतों और अन्य वरिष्ठ व्यक्तियों का 21 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।

सात सूत्रीय एजेंडा पारित

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने हाथ उठाकर महासभा के सात सूत्रीय एजेंडे का अनुमोदन किया। प्रमुख प्रस्तावों में शामिल हैं—

  • ब्राह्मण कल्याण आयोग का गठन तथा भगवान परशुराम प्रकटोत्सव को सरकारी स्तर पर मनाने की घोषणा लागू कराना।
  • आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्गों को आरक्षण का लाभ देने तथा सरकारी नौकरियों में योग्यता आधारित भर्ती की वकालत।
  • समान नागरिक कानून लागू करने की मांग।
  • हिंदू मंदिरों के अधिग्रहण की व्यवस्था समाप्त करने और मंदिर प्रबंधन से जुड़े प्रस्ताव।
  • हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन संबंधी सुझाव।
  • दयोली भूमि के संबंध में सरल कानून बनाकर मालिकाना अधिकार देने की मांग।
  • ईबीपीजी (EBPG) कोटा बहाल करने तथा ईडब्ल्यूएस (EWS) आरक्षण 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने की मांग।
महिला विंग की प्रभारी नियुक्त

बैठक में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर श्रीमती आशा शर्मा को ब्राह्मण महासभा हरियाणा की महिला विंग का प्रभारी नियुक्त किया गया।

बैठक में मोतीलाल सीही, आर.पी. गौड़, ईश्वर कौशिक, राजकुमार शर्मा, मास्टर गंगा विष्णु, तुलाराम शास्त्री, टी.पी. भारद्वाज, जगदीश कौशिक, हरीश शर्मा, शशिकांत शर्मा, रामनारायण भारद्वाज, सत्यप्रकाश कौशिक, अरुण सरपंच बीड़ूकी, शिव नारायण भारद्वाज, देवराज पी.सी. गौड़, हंसराज पराशर, आशा शर्मा, सुमित गौड़, राजेंद्र भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष मोतीलाल सीही ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!