मानसून के दौरान जलभराव प्रबंधन के लिए एमसीजी ने इंजीनियरिंग एवं स्वच्छता अधिकारियों की संयुक्त टीमें की तैनात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहर के चिन्हित वॉटर लॉगिंग हॉटस्पॉट्स पर 24×7 निगरानी, त्वरित कार्रवाई और समन्वय के लिए जारी किए विस्तृत आदेश

गुरुग्राम, 31 जुलाई। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम गुरुग्राम की व्यापक तैयारियां हैं। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया द्वारा जारी आदेशों के अनुसार शहर के सभी चिन्हित वॉटर लॉगिंग हॉटस्पॉट्स पर इंजीनियरिंग एवं स्वच्छता शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त तैनाती की गई है। प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नामवार ड्यूटी निर्धारित करते हुए विस्तृत रोस्टर जारी किया गया है।

आदेशों के अनुसार सभी तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में नालों, ड्रेनों, गलियों, कल्वर्ट तथा अन्य जल निकासी तंत्र की समयबद्ध सफाई एवं डी-सिल्टिंग सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार पंप, सुपर सकर मशीन, जेसीबी, टैंकर एवं अन्य मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित कर जलभराव की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगे।

नगर निगम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मानसून प्रबंधन सेल एवं कंट्रोल रूम के साथ लगातार समन्वय बनाए रखें, नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करें तथा वर्षा के दौरान चिन्हित हॉटस्पॉट्स की लगातार निगरानी करते हुए जलभराव रोकने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाएं। सभी अधिकारियों को नियमित फील्ड रिपोर्ट तथा जियो-टैग्ड फोटो एवं वीडियो भी उपलब्ध कराने होंगे।

आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि बिना सक्षम अनुमति के कोई भी अधिकारी या कर्मचारी वर्षा अथवा आपातकालीन स्थिति के दौरान अपने निर्धारित स्थल को नहीं छोड़ेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही, देरी या निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में विफलता को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम द्वारा जारी हॉटस्पॉट सूची में सभी आठ जोनों के प्रमुख जलभराव संभावित स्थलों को शामिल किया गया है। प्रत्येक स्थल पर संबंधित कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, वरिष्ठ सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, सहायक सफाई निरीक्षक तथा स्वच्छता सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

नगर निगम आयुक्त श्री प्रदीप दहिया ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत देना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित हैं और संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हमारा उद्देश्य त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर समन्वय और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!