गुरुग्राम की सीवेज शोधन क्षमता 340 एमएलडी बढ़ेगी, चार नए एसटीपी होंगे विकसित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

140 एमएलडी क्षमता के दो एसटीपी के टेंडर खुले, 200 एमएलडी क्षमता बढ़ाने के लिए दो मौजूदा एसटीपी की बढ़ाई जाएगी क्षमता

शहर की कुल सीवेज शोधन क्षमता 433 एमएलडी से बढ़कर 773 एमएलडी होगी

गुरुग्राम, 30 जुलाई। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर की सीवेज शोधन क्षमता में 340 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) की बढ़ोतरी करेगा। इसके तहत दो नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किए जाएंगे तथा दो मौजूदा एसटीपी की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर गुरुग्राम की कुल सीवेज शोधन क्षमता 433 एमएलडी से बढ़कर 773 एमएलडी हो जाएगी। यह विस्तार गुरुग्राम विकास योजना-2031 के तहत भविष्य की आबादी और शहरी विकास को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।

यह जानकारी जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी. सी. मीणा ने हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आज आयोजित यमुना एक्शन प्लान की समीक्षा बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दी।

उन्होंने बताया कि 140 एमएलडी क्षमता वाले दो नए एसटीपी के लिए टेंडर खोल दिए गए हैं। इनमें 40 एमएलडी क्षमता का एसटीपी नौरंगपुर में स्थापित होगा, जो सेक्टर-77 से 80 तक के क्षेत्रों की सीवेज शोधन जरूरतों को पूरा करेगा। वहीं 100 एमएलडी क्षमता का एसटीपी सेक्टर-107 में बनाया जाएगा, जिससे सेक्टर-81 से 115 तक के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों में बेहरामपुर और धनवापुर स्थित मौजूदा एसटीपी की क्षमता बढ़ाने के लिए भी टेंडर जारी किए जाएंगे। दोनों संयंत्रों की क्षमता में 100-100 एमएलडी की वृद्धि की जाएगी। वर्तमान में बेहरामपुर एसटीपी की क्षमता 170 एमएलडी तथा धनवापुर एसटीपी की क्षमता 218 एमएलडी है।

वर्तमान में गुरुग्राम में बेहरामपुर (170 एमएलडी), धनवापुर (218 एमएलडी), जहाजगढ़ (20 एमएलडी) तथा आईएमटी मानेसर (25 एमएलडी) सहित कुल 433 एमएलडी सीवेज शोधन क्षमता उपलब्ध है।

श्री मीणा ने कहा कि सीवेज शोधन क्षमता बढ़ने से शहर में अपशिष्ट जल प्रबंधन और मजबूत होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहतर शहरी बुनियादी ढांचा विकसित किया जा सकेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!