गुरुग्राम, 26 जुलाई 2026। संयुक्त किसान मोर्चा, गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने पेपर लीक के विरोध में आंदोलनरत छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी एकजुटता, संघर्ष और लोकतांत्रिक आंदोलन ने सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। सरकार द्वारा छात्रों की प्रमुख मांगों को स्वीकार किया जाना युवाओं के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत है।
चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि आज का युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर पूरी तरह जागरूक है। जब लाखों मेहनती छात्रों के सपनों के साथ पेपर लीक जैसे घोटालों के माध्यम से खिलवाड़ किया जाता है, तब लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना उनका संवैधानिक अधिकार है। छात्रों ने शांतिपूर्ण और संगठित आंदोलन कर यह साबित कर दिया कि जनशक्ति के सामने किसी भी सरकार को जनता की आवाज सुननी ही पड़ती है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और रोजगार प्रणाली की पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। सरकार को केवल मांगें स्वीकार करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पेपर लीक माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए कि भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल न उठे।
चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा हमेशा छात्रों, युवाओं, किसानों और मेहनतकश वर्ग के न्यायपूर्ण संघर्षों के साथ खड़ा रहा है और आगे भी उनके अधिकारों की लड़ाई में हर स्तर पर सहयोग करता रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज ही सबसे बड़ी ताकत होती है और यह जीत उसी ताकत का प्रमाण है।
उन्होंने सभी छात्रों से संयम, एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित रहने का आह्वान किया।









