नई दिल्ली/चंडीगढ़। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं, विद्यार्थियों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत है। कुमारी सैलजा ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। जब छात्र अपने भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करते हैं, तो अंतत: सत्य की ही जीत होती है।
उन्होंने आंदोलनरत सभी छात्रों, युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह आपकी जीत है, यह भारत के लोकतंत्र की जीत है। देश के युवाओं ने एकजुट होकर यह संदेश दिया है कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करनी ही होगी और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने लगातार छात्रों की आवाज़ को संसद से लेकर सडक़ तक मजबूती से उठाया। कांग्रेस ने हर मंच पर निष्पक्ष जांच, जवाबदेही और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की और आगे भी युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पूरी प्रतिबद्धता के साथ लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि मैं देश के सभी विद्यार्थियों को भरोसा दिलाती हूं कि जब-जब आपके साथ अन्याय होगा, तब-तब राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी आपके साथ पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। युवाओं के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह विश्वसनीय बनाने और युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम तत्काल उठाए जाएं।









