उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सीआईआई प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से की मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उद्योग और प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही बनेगा विकसित गुरुग्राम : विनोद बापना।

गुरुग्राम। (जतिन/राजा )भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) गुरुग्राम के प्रतिनिधिमंडल ने आज गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह, आईएएस से मुलाकात कर औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में गुरुग्राम की औद्योगिक एवं नागरिक आधारभूत संरचना, उद्योगों के समक्ष आ रही व्यावहारिक चुनौतियों, हरियाणा सरकार की औद्योगिक विकास योजनाओं, उद्योगों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने, प्रधानमंत्री सेतु योजना के अवसरों, प्रदेश के आईटीआई संस्थानों को उद्योगों से जोड़ने तथा सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण में उद्योगों की भागीदारी जैसे विषय प्रमुख रूप से उठाए गए। साथ ही प्रशासन और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी।

इस अवसर पर सीआईआई हरियाणा काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य एवं कैपारो मारुति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विनोद बापना ने कहा कि गुरुग्राम देश की औद्योगिक राजधानी के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में उद्योग और प्रशासन के बीच सकारात्मक साझेदारी समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि उद्योगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो और आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाए तो गुरुग्राम निवेश, रोजगार और विनिर्माण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि CII उद्योगों और सरकार के बीच एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य करते हुए औद्योगिक विकास, कौशल विकास तथा ‘विकसित हरियाणा–विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

बैठक के दौरान उपायुक्त उत्तम सिंह, आईएएस ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि उद्योगों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को संबंधित विभागों एवं राज्य सरकार तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उद्योग जगत के साथ मिलकर गुरुग्राम को अधिक सक्षम, प्रतिस्पर्धी और भविष्य के लिए तैयार औद्योगिक केंद्र बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस दौरान सीआईआई गुरुग्राम ज़ोन के चेयरमैन एवं मीनाक्षी पॉलिमर्स के सीईओ कुनाल सोनी, वाइस चेयरमैन एवं NTF इंडिया के डायरेक्टर नमन जैन व सीआईआई गुरुग्राम ज़ोनल के हेड रत्नाकर पांडे भी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!