चंडीगढ़, 21 जुलाई । पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आंदोलनरत किसानों और छात्रों की मांगों का समर्थन किया है। हुड्डा ने कहा कि किसान सरकार से वही मांग कर रहे हैं, जिनको पूरी करने का वादा खुद बीजेपी ने किया था। सत्ता में आने के लिए बीजेपी ने स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करके C2 फार्मूले के तहत एमएसपी देने का वादा किया था। इसके बाद किसान आंदोलन को खत्म करवाने के लिए सरकार ने किसानों को एमएसपी गारंटी कानून बनाने का भी वादा किया था।
लेकिन आज तक सरकार ने अपना वादा नहीं निभाया। इसलिए अन्नदाता एकबार फिर आंदोलन करने के लिए मजबूर हैं। सरकार को तुरंत उनसे बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान निकालना चाहिए। अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील पर किसानों की आपत्तियों का संज्ञान लिया जाना चाहिए।
इसके अलावा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने और अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने का अधिकार है। उनपर लाठियां बरसाना और बलप्रयोग करना पूरी तरह गैर-लोकतांत्रिक है।
सरकार को पेपर लीक करवाने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए, ना कि पेपर देने वालों को निशाना बनाना चाहिए। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।









