‘कैच द रेन’ अभियान से वर्षा जल संरक्षण को नई मजबूती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम गुरुग्राम और आरडब्ल्यूए सेक्टर-23ए की साझेदारी से जनम दिवस पार्क में दो-दो लाख लीटर क्षमता के रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित, जलभराव में भी मिल रही राहत

गुरुग्राम, 21 जुलाई। कैच द रेन अभियान के तहत वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) और आरडब्ल्यूए सेक्टर-23ए की साझेदारी से शुरू की गई “कैच एवरी ड्रॉप” पहल उल्लेखनीय परिणाम दे रही है। इस पहल के तहत जनम दिवस पार्क, सेक्टर-23ए में एक-एक लाख लीटर क्षमता वाले दो आधुनिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किए गए हैं, जो प्रत्येक वर्षा की बूंद को संरक्षित कर भूजल रिचार्ज करने का कार्य कर रहे हैं।

पहला रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम पार्क के भीतर होने वाले वर्षा जल के साथ-साथ 18 मीटर चौड़ी जनम दिवस पार्क रोड से आने वाले वर्षा जल को भी संग्रहित कर रहा है। इसके लिए सड़क के किनारे स्थित स्टॉर्म वाटर ड्रेन की विशेष सफाई कर उसे पार्क के भीतर स्थापित आरडब्ल्यूएच सिस्टम से जोड़ा गया है। इससे न केवल सड़क पर जलभराव की समस्या में राहत मिली है, बल्कि वर्षा का पानी सीधे भूजल रिचार्ज के लिए उपयोग किया जा रहा है।

इसी प्रकार दूसरा आरडब्ल्यूएच सिस्टम पार्क के भीतर तथा पार्क से सटे ओम विहार आवासीय क्षेत्र की सड़कों से आने वाले वर्षा जल का संग्रह कर उसे जमीन में पहुंचाने का कार्य कर रहा है। इससे क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भूजल स्तर सुधारने में भी मदद मिल रही है।

इस परियोजना के निर्माण में नगर निगम गुरुग्राम के उद्यान विंग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नगर निगम और आरडब्ल्यूए के सहयोग से तैयार यह मॉडल अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो रहा है और सामुदायिक भागीदारी से जल संरक्षण की दिशा में एक सफल उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

नगर निगम गुरुग्राम का उद्देश्य वर्षा जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करते हुए भूजल स्तर को बढ़ाना, जलभराव की समस्या को कम करना तथा नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भी वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि वर्षा जल संरक्षण भविष्य की जल सुरक्षा की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जनम दिवस पार्क में विकसित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नगर निगम और स्थानीय नागरिकों की साझेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस प्रकार की पहल से न केवल भूजल स्तर में सुधार होगा, बल्कि जलभराव जैसी समस्याओं का भी प्रभावी समाधान मिलेगा। हम नागरिकों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाओं से अपील करते हैं कि वे वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाकर जल-सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल गुरुग्राम के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।”

आरडब्ल्यूए सेक्टर-23ए के अध्यक्ष रोहित यादव ने कहा कि ‘कैच एवरी ड्रॉप’ पहल नगर निगम गुरुग्राम और आरडब्ल्यूए के सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। जनम दिवस पार्क में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम न केवल वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को संरक्षित कर रहा है, बल्कि जलभराव की समस्या को कम करने और भूजल स्तर बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हमें विश्वास है कि इस तरह की सामुदायिक भागीदारी से जल संरक्षण को नई गति मिलेगी और गुरुग्राम एक जल-सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित होगा। हम इस सहयोग के लिए नगर निगम गुरुग्राम का आभार व्यक्त करते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!