15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण करें: डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 अगस्त तक चल रहे विशेष अभियान में सभी विभागों व शिक्षण संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

शनिवार को डीएसडी कॉलेज में नशामुक्ति अभियान के तहत आठ श्रेणियों में प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

गुरुग्राम, 21 जुलाई- डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का मेरा युवा भारत (माय भारत) पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि युवा राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का विकास कर सकें। उन्होंने मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विशेष पंजीकरण अभियान चलाकर अधिकतम पात्र युवाओं को www.mybharat.gov.in⁠ पोर्टल से जोड़ें। साथ ही प्रत्येक संस्थान में नोडल अधिकारी नामित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

डीसी ने शिक्षा विभाग, उच्चतर शिक्षा विभाग, एनएसएस, एनसीसी, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, पॉलिटेक्निक संस्थानों, खेल विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध अवसरों की जानकारी देकर अधिक से अधिक पंजीकरण कराया जाए।

बैठक में जिला युवा अधिकारी विनीत गहलावत ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 15 अगस्त 2026 तक पूरे देश में मेरा युवा भारत पोर्टल पर सघन पंजीकरण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह केवल पंजीकरण पोर्टल नहीं, बल्कि युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, नेतृत्व एवं कौशल विकास, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों में भागीदारी का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों और स्वयंसेवकों के सहयोग से विशेष पंजीकरण एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही युवाओं से स्वयं पंजीकरण करने तथा अपने मित्रों, सहपाठियों और अन्य पात्र युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की।

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि शनिवार को डीएसडी कॉलेज गुरुग्राम में नशामुक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा आठ विभिन्न श्रेणियों की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। कार्यक्रम में पेंटिंग, नृत्य, भाषण, पोस्टर निर्माण सहित अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।

बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. रश्मि बत्रा, स्विमिंग कोच शिवानी कटारिया, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग ऑफिसर जतिन कौशिक, प्रोजेक्ट ऑफिसर आर्यन घणघस, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मानसी अरोड़ा, एईओ जगदीश अहलावत, जूनियर एपीओ सुरेश कुमार तथा सोशल वर्कर ममता धवन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!