विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के लिए केवल चार दिन शेष, 24 जुलाई तक अनिवार्य रूप से जमा कराएं गणना प्रपत्र : डीसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची में नाम बनाए रखने के लिए समय रहते पूर्ण करें प्रक्रिया, ईसीआईनेट के माध्यम से भी उपलब्ध हैं सुविधाएं

गुरुग्राम, 20 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर-2026) अभियान की अंतिम तिथि 24 जुलाई में अब केवल 4 दिन शेष है। ऐसे में जिन नागरिकों ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा नहीं कराया है, वे आगामी चार दिनों के भीतर यह प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में यथावत बना रहे।

डीसी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को त्रुटिरहित, नवीनतम एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से अथवा निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर अपना गणना प्रपत्र जमा करा सकते हैं। उन्होंने सभी बीएलओ को भी निर्देश दिए हैं कि अंतिम दिनों में घर-घर संपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित ईसीआईनेट (ECINet) ऐप के माध्यम से भी मतदाताओं को विभिन्न निर्वाचन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक इस डिजिटल माध्यम का उपयोग कर अपने निर्वाचन संबंधी तथा वर्ष 2002 की मतदाता सूची के विवरण की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के साथ-साथ जिला प्रशासन भी अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे 24 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र अपना गणना प्रपत्र जमा कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक समय रहते अपनी जिम्मेदारी निभाएं और विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!