मानसून सत्र में राष्ट्रीय से लेकर सिरसा के स्थानीय मुद्दों तक हर आवाज़ उठाऊंगी : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घग्गर बेल्ट में कैंसर, प्रदूषित पेयजल, बिजली-पानी संकट, महंगाई और छात्रों के मुद्दों पर सरकार को घेरेंगी

नई दिल्ली/चंडीगढ़, 20 जुलाई। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि संसद के मानसून सत्र में वह राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर अपने संसदीय क्षेत्र सिरसा और हरियाणा से जुड़े जनहित के सभी महत्वपूर्ण विषयों को पूरी मजबूती के साथ लोकसभा में उठाएंगी। उन्होंने कहा कि देश के युवा, किसान, विद्यार्थी और आम नागरिक अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित है।

मानसून सत्र के पहले दिन नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि संसद में छात्रों से जुड़े मुद्दे, मंदिर में हुई चोरी का मामला, बढ़ती महंगाई, पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें तथा आम जनता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए जाएंगे। सांसद ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिखाई दे रही है। लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है, लेकिन राहत देने के लिए कोई प्रभावी नीति सामने नहीं आई है। कुमारी सैलजा ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी संकट का असर ईंधन की कीमतों और देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। ऐसे समय में सरकार को अपनी स्पष्ट नीति देश के सामने रखनी चाहिए कि वह गरीब और मध्यम वर्ग को किस प्रकार राहत देगी। सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार ठोस जवाब देने के बजाय केवल दावे कर रही है।

कुमारी सैलजा ने इथेनॉल मिश्रित ईंधन नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस विषय पर न तो पर्याप्त जागरूकता है और न ही आवश्यक आधारभूत ढांचा विकसित किया गया है। सांसद ने कहा कि उपभोक्ताओं को वाहनों में ईंधन भरवाने के बाद तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक न स्पष्ट मानकीकरण दिखाई देता है, न प्रभावी गुणवत्ता जांच की व्यवस्था है और न ही ऐसा इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया गया है, जिससे उपभोक्ता ईंधन की गुणवत्ता की जांच कर सके। इसका सीधा नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ रहा है।

सांसद ने कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र सिरसा और हरियाणा के मुद्दों को भी वह संसद में पूरी मजबूती से रखेंगी। सांसद ने कहा कि घग्गर बेल्ट वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर समस्या से जूझ रही है तथा क्षेत्र में प्रदूषित पेयजल एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके अलावा प्रदेश के अनेक हिस्सों में बिजली और पेयजल संकट से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों को जवाबदेह बनाया जाएगा। कुमारी सैलजा ने कहा कि विपक्ष का दायित्व केवल सरकार की आलोचना करना नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को संसद तक पहुंचाना भी है। कुमारी सैलजा ने विश्वास दिलाया कि मानसून सत्र के दौरान वह राष्ट्रीय और स्थानीय जनहित से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को तथ्यों और प्रमाणों के साथ लोकसभा में पूरी मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!