वक्ताओं ने कहा— वीर क्रांतिकारियों का बलिदान आज भी श्रमिकों, युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा, संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर
गुरुग्राम, 19 जुलाई। हरियाणा ऑटो चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध) की ओर से रविवार को सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप सिंह पार्क में 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के महानायक अमर शहीद मंगल पांडे की जयंती पर प्रेरणा सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन एंबियंस मॉल ऑटो स्टैंड की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ऑटो चालक एवं श्रमिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि मंगल पांडे का राष्ट्रप्रेम, साहस और बलिदान आज भी श्रमिकों, युवाओं और समाज के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने राष्ट्रहित, समाजहित और श्रमिक हित के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ, हरियाणा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मंगल पांडे का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की आधारशिला बना और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना समय की आवश्यकता है।
सभा की अध्यक्षता हरियाणा ऑटो चालक संघ के प्रदेश अध्यक्ष महीपाल सिंह तंवर ने की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और श्रमिक एकता को बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित श्रमिक ही अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकते हैं।
इस अवसर पर भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय मंत्री नवीन कुमार ने भारतीय मजदूर संघ का प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर अमर शहीद मंगल पांडे को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हरियाणा ऑटो चालक संघ के प्रचार सचिव अजय कुमार ने कहा कि आज देश जिन स्वतंत्रताओं का आनंद ले रहा है, वह वीर क्रांतिकारियों के बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में समाज को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नहीं भूलना चाहिए।
कार्यक्रम में एंबियंस मॉल ऑटो स्टैंड के प्रधान कीमत सिंह, महामंत्री अखिलेश कुमार, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार, देवा सिंह, मारुति विहार स्टैंड के उपाध्यक्ष बबलू सरकार, खादेंमुल इस्लाम, फरीद रहमान सहित विभिन्न ऑटो स्टैंडों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ऑटो चालक उपस्थित रहे। सभी ने अमर शहीद मंगल पांडे को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “अमर शहीद मंगल पांडे अमर रहें” तथा “भारतीय मजदूर संघ अमर रहे” के उद्घोष के साथ हुआ।









