रविवार को भी जारी रहा एसआईआर-2026 अभियान, कम प्रगति वाले बूथों पर पहुंचे एसडीएम संजीव सिंगला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*प्रशासनिक अधिकारी स्वयं मैदान में उतरे, स्थानीय प्रतिनिधियों से मांगा सहयोग*

गुरुग्राम, 19 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) अभियान को निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए जिला प्रशासन रविवार को भी पूरी तरह सक्रिय रहा। इसी क्रम में बादशाहपुर के एसडीएम एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी संजीव सिंगला ने पार्षद दिनेश दहिया के साथ गांव धनवापुर के बूथ संख्या 160, 161 एवं 164 का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इन बूथों पर गणना प्रपत्रों के संग्रहण की प्रगति अपेक्षाकृत कम होने के कारण प्रशासन ने विशेष रूप से मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), सुपरवाइजर तथा स्थानीय मतदाता भी उपस्थित रहे। एसडीएम संजीव सिंगला ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर से अब तक की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि घर-घर संपर्क कर शेष पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र समयबद्ध तरीके से प्राप्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतिम चरण में प्रत्येक बूथ पर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना प्राथमिकता है और इसके लिए किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर पार्षद दिनेश दहिया ने प्रशासन को अभियान के सफल संचालन के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाले इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने गणना प्रपत्र समय पर भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं।

एसडीएम संजीव सिंगला ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज करना है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन अभियान को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और अवकाश के दिन भी अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार फील्ड में रहकर प्रगति की निगरानी कर रहे हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित एवं नवीनतम मतदाता सूची तैयार की जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!