चारधाम यात्रा हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पांच मोबाइल, पांच पासबुक, 16 चेकबुक और 18 एटीएम कार्ड बरामद

गुरुग्राम, 9 जुलाई। गुरुग्राम पुलिस की साइबर अपराध इकाई ने चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले साइबर गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन, पांच पासबुक, 16 चेकबुक तथा 18 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) के मार्गदर्शन में थाना साइबर दक्षिण की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर 8 जुलाई को गांव डूंडाहेड़ा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत कुमार शाह (30) निवासी बलिया, प्रदुम (30) निवासी आजमगढ़ तथा विनय (40) निवासी सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना साइबर दक्षिण में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अपने आधार कार्ड में पता बदलवाकर विभिन्न बैंकों में 10 से अधिक बैंक खाते खुलवा रखे थे। इन खातों की चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बदले आरोपी प्रत्येक बैंक खाते पर करीब पांच हजार रुपये कमीशन प्राप्त करते थे।

मुख्य आरोपी विनय ने पूछताछ में बताया कि वह एक अन्य व्यक्ति के कहने पर इस अवैध गतिविधि से जुड़ा था। बाद में उसने अजीत कुमार शाह और प्रदुम को भी इस नेटवर्क का हिस्सा बना लिया।

जांच के दौरान बरामद बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर तीन शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। पुलिस द्वारा जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है।

पुलिस अब आरोपियों से अन्य साइबर ठगी मामलों में उनकी भूमिका, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों के माध्यम से हुए वित्तीय लेन-देन और पूरे साइबर ठगी तंत्र के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!