भाजपा पहले अपने 11 साल 8 महीने का हिसाब दे, कांग्रेस पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं: राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर सरकार से मांगा जवाब, कहा- जनता अब परिणाम चाहती है

चंडीगढ़, 29 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस पर दिए जा रहे बयानों को तथ्यों से परे और जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले अपने 11 वर्ष 8 महीने के शासन का हिसाब दे, उसके बाद कांग्रेस पर टिप्पणी करे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस सरकार के कार्यकाल में हरियाणा बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों, किसानों की बदहाली, HPSC विवाद, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण सुर्खियों में रहा हो, उसे कांग्रेस की विचारधारा और नेतृत्व पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा संविधान, सामाजिक न्याय, समान अवसर, लोकतंत्र तथा किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के अधिकारों की रक्षा पर आधारित है। इसी सोच के कारण देश को सूचना का अधिकार, मनरेगा, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार और अनेक ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाएं मिलीं।

वास्तविक मुद्दों से भाग रही है भाजपा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आय, युवाओं की भर्ती, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार आज भी केवल प्रचार और इवेंट मैनेजमेंट की राजनीति में व्यस्त है, जबकि जनता अपने सवालों के जवाब चाहती है।

रैलियों पर रोक, लेकिन भाजपा नेताओं के स्वागत में बड़े काफिले

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री और हरियाणा सरकार ईंधन बचाने की अपील कर रहे हैं तथा प्रदेश में 30 सितंबर तक रैलियों, रोड शो, जुलूस और भीड़-भाड़ वाले आयोजनों पर प्रतिबंधात्मक निर्देश लागू हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के स्वागत में पूरे प्रदेश में बड़े-बड़े काफिलों और भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकारी निर्देश जनता के लिए हैं तो क्या वे भाजपा नेताओं पर लागू नहीं होते।

IDFC फर्स्ट बैंक सरकारी धन घोटाले पर सरकार घिरी

उन्होंने कहा कि पंचकूला IDFC फर्स्ट बैंक सरकारी धन घोटाले ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं और जांच का दायरा बढ़ रहा है, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगाने में व्यस्त है।

युवा, किसान और आम जनता परेशान

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश का युवा भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार के संकट से जूझ रहा है। योग्य और मेहनती युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है तथा उनके बीच यह धारणा मजबूत हो रही है कि उन्हें अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल रही।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, किसान अपनी फसल के उचित मूल्य और आय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, जबकि बढ़ते कर्ज के कारण हरियाणा की आर्थिक स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।

‘जनता अब प्रचार नहीं, जवाबदेही चाहती है’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने 11 वर्ष 8 महीने के शासन में हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के बजाय बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आर्थिक बदहाली और कुशासन की ओर धकेला है। अब जनता प्रचार और झूठे नैरेटिव नहीं, बल्कि जवाबदेही और ठोस परिणाम चाहती है।

उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि सरकार बताए पिछले वर्षों में युवाओं को कितनी पारदर्शी नौकरियां मिलीं, किसानों की आय में कितना इजाफा हुआ, महिलाओं की सुरक्षा में क्या सुधार आया, कानून-व्यवस्था क्यों बिगड़ती गई और प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार क्यों बढ़ता गया।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा की जनता आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से अहंकार, झूठे प्रचार, भ्रष्टाचार और विफलताओं की राजनीति का जवाब देगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!