मंगलवार शाम तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर उठाएं 10 प्रतिशत छूट और एकमुश्त ब्याज माफी का लाभ – निगमायुक्त प्रदीप दहिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम कार्यालयों में विशेष व्यवस्थाएं, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर, डाटा सुधार शिकायतों का भी हो रहा त्वरित समाधान

गुरुग्राम, 29 जून। हरियाणा सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र के प्रॉपर्टी मालिकों को प्रॉपर्टी टैक्स में एकमुश्त ब्याज माफी तथा चालू वित्त वर्ष 2026-27 के प्रॉपर्टी टैक्स के समय पर भुगतान पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ दिया जा रहा है। यह विशेष सुविधा केवल मंगलवार 30 जून तक उपलब्ध रहेगी।

नगर निगम गुरुग्राम ने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने सभी कार्यालयों में विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि प्रॉपर्टी मालिक बिना किसी असुविधा के अपने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर सकें। निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्था की गई है तथा महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिससे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सेवाएं मिल सकें।

इसके अलावा टैक्स शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी बिना किसी अवकाश के कार्यालयों में उपस्थित रहकर नागरिकों की प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। विशेष रूप से प्रॉपर्टी डाटा में सुधार, स्वामित्व संबंधी त्रुटियों के निस्तारण तथा अन्य तकनीकी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर सरकार द्वारा दी जा रही छूट का लाभ उठा सकें।

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदान की जा रही यह विशेष छूट सीमित अवधि के लिए है। इसलिए सभी प्रॉपर्टी मालिक मंगलवार 30 जून शाम तक अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर एकमुश्त ब्याज माफी और चालू वित्त वर्ष के टैक्स पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ अवश्य उठाएं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें और टैक्स भुगतान प्रक्रिया को पूरी तरह सुचारु बनाए रखें।

निगमायुक्त ने कहा कि समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने से न केवल नागरिकों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि नगर निगम को प्राप्त राजस्व से शहर में सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि समय रहते अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सरकार द्वारा दी जा रही इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!