प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय प्रभुदयाल मल्होत्रा की पुण्य स्मृति में पंजाबी बिरादरी महासभा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श सेवाएं

गुरुग्राम, 21 जून। प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय प्रभ दयाल मल्होत्रा की पुण्य स्मृति में पंजाबी बिरादरी महासभा, गुरुग्राम तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से भीम नगर स्थित मेयर राजरानी मल्होत्रा के कैंप कार्यालय के अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 125 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। नागरिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए गए तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। महिलाओं के लिए विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को ‘निरोगी हरियाणा योजना’ के अंतर्गत आयु के अनुसार निःशुल्क रक्त एवं मूत्र जांच की सुविधा प्रदान की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता, रोगों की रोकथाम एवं समय पर जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने बताया कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों का प्रारंभिक चरण में पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार अधिक प्रभावी और सफल होता है। भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता तिलकराज मल्होत्रा, पंजाबी बिरादरी महासभा के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. सुभाष खन्ना, डॉ. एन.पी.एस. वर्मा, डॉ. जॉय चक्रवर्ती, डॉ. विक्रांत खन्ना, डॉ. नीती कुमार खन्ना तथा डॉ. मधुर जैन सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं और नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।








