बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला ने बूथों का किया निरीक्षण, मतदाताओं को समझाई एसआईआर-2026 की प्रक्रिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हेरिटेज सिटी, सेक्टर-25, नेशनल मीडिया सेंटर, एम्बिएंस लैगून स्थित बूथ का किया दौरा

मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहा है विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

गुरुग्राम, 21 जून- बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम संजीव सिंगला ने रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) के तहत हेरिटेज सिटी, सेक्टर-25 स्थित बूथ संख्या 154 एवं 155, नेशनल मीडिया सेंटर, एम्बिएंस लैगून परिसर में बनाए गए बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारी अजय कुमार और संदीप द्वारा किए जा रहे मतदाता सत्यापन कार्य का जायजा लिया। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण को सही करने का कार्य कर रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गणना प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया की समीक्षा की और बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान मतदाताओं से आवश्यक जानकारी और दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

एसडीएम संजीव सिंगला ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा गणना प्रपत्र भरने में सहयोग करें, ताकि सत्यापन का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

संजीव सिंगला ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचकर मतदाताओं को अभियान की जानकारी दें तथा उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है तथा मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!