अपराधियों के मन से कानून का भय खत्म, सरकार सुरक्षा देने में विफल : राव नरेंद्र सिंह
चंडीगढ़, 20 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने महम से विधायक बलराम सिंह दांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग की घटना को प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का गंभीर संकेत बताते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हरियाणा में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है और अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जब सुरक्षा प्राप्त जनप्रतिनिधि ही अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश में अपराध, गैंगवार, रंगदारी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे जनता में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की कानून व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो सरकार के सुरक्षा प्रबंधन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और कई मामलों में उन्हें राजनीतिक संरक्षण मिलने की आशंकाएं भी व्यक्त की जा रही हैं।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हाल के दिनों में कई घटनाओं ने प्रदेश की छवि को धूमिल किया है। अस्पतालों से लेकर सार्वजनिक संस्थानों तक लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों से जुड़े अपराधों में भी वृद्धि देखने को मिल रही है, जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास कमजोर हो रहा है।
राव नरेंद्र सिंह ने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नारनौल स्थित आवास पर भी कुछ अज्ञात लोग गलत मंशा से जबरन प्रवेश कर गए थे। इस घटना की जानकारी सरकार और प्रशासन को दी गई, लेकिन इसके बावजूद कोई विशेष सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को भी पर्याप्त सुरक्षा नहीं दी जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार किसी बड़ी और दुर्भाग्यपूर्ण घटना का इंतजार कर रही है? यदि जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती तो यह शासन-प्रशासन की गंभीर विफलता है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा लंबे समय से शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में प्रदेश की पहचान पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो असामाजिक और उपद्रवी तत्वों का मनोबल और बढ़ेगा, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि विधायक के आवास पर हुई फायरिंग की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराध पर नियंत्रण पाने में विफल रहती है तो कांग्रेस प्रदेशभर में बड़े स्तर पर जनआंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेगी।









