30 जून से पहले प्रॉपर्टी डेटा को सेल्फ सर्टिफाई करके टैक्स जमा कर नागरिक उठा सकेंगे ब्याज माफी एवं छूट योजना का लाभ, शनिवार और रविवार को भी मिलेंगी सेवाएं
गुरुग्राम, 20 जून। नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम गुरुग्राम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान एवं संबंधित सेवाओं के लिए निगम के सभी नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) शनिवार एवं रविवार को भी खुले रहेंगे। अवकाश के दिनों में भी सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिक आसानी से अपने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर सकेंगे तथा लंबित मामलों का निपटान कर पाएंगे।
नगर निगम गुरुग्राम ने नागरिकों से अपील की है कि वे एनडीसी पोर्टल पर अपने प्रॉपर्टी डेटा को सेल्फ सर्टिफाई करके 30 जून 2026 से पूर्व अपने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर सरकार द्वारा प्रदान की जा रही ब्याज माफी एवं छूट योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। इस विशेष सुविधा का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को समय पर टैक्स भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें कार्यालय समय की बाधाओं से राहत प्रदान करना है।
वीकेंड पर भी मिलेगी टैक्स भुगतान की सुविधा
निगम अधिकारियों के अनुसार अनेक नागरिक कार्यदिवसों में अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण निगम कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार और रविवार को भी नागरिक सुविधा केंद्रों को संचालित रखने का निर्णय लिया गया है। इससे नागरिक बिना किसी असुविधा के अपने टैक्स संबंधी कार्य पूरे कर सकेंगे।
ब्याज माफी और छूट योजना का उठाएं लाभ
नगर निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे लंबित प्रॉपर्टी टैक्स का समय रहते भुगतान कर सरकार द्वारा दी जा रही विशेष राहत योजनाओं का लाभ लें। निर्धारित अवधि के भीतर भुगतान करने पर नागरिकों को ब्याज माफी एवं अन्य निर्धारित छूट का लाभ प्राप्त हो सकेगा।
लंबित बकाया निपटाने का सुनहरा अवसर
यह पहल उन संपत्ति मालिकों के लिए भी लाभदायक होगी जिनका टैक्स बकाया लंबित है। वीकेंड पर खुलने वाले सीएफसी केंद्रों के माध्यम से वे आसानी से अपने बकाया का निपटान कर सकेंगे और भविष्य में किसी भी प्रकार की कार्रवाई या अतिरिक्त वित्तीय भार से बच सकेंगे।
शहर के विकास में करें अपनी भागीदारी सुनिश्चित
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान कर शहर के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रॉपर्टी टैक्स से प्राप्त राजस्व का उपयोग सड़क, स्वच्छता, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव में किया जाता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना एमसीजी की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसी उद्देश्य से वीकेंड पर भी नागरिक सुविधा केंद्रों को संचालित रखने का निर्णय लिया गया है।









