*21 जून को ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित होगा मुख्य कार्यक्रम, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह करेंगे शिरकत*
गुरुग्राम, 19 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुग्राम जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन से पूर्व शनिवार को अंतिम रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम के लिए एएलसी कुशल कटारिया को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि 20 जून को प्रातः 6 बजे ताऊ देवी लाल स्टेडियम में फाइनल रिहर्सल की जाएगी। डीसी ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार भी है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि 21 जून को प्रातः 5:30 बजे से योग दिवस कार्यक्रम आरंभ होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसके लिए स्टेडियम में विशेष एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी रहेगी।
डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जिले में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अभियान चलाया गया है। जिसमें 52 हजार से अधिक नागरिकों ने पंजीकरण कराया है जोकि हरियाणा में शीर्ष स्थान पर है।







