रविवार को प्रातः 6:00 बजे संत निरंकारी सत्संग भवन सेक्टर 31 और बसई रोड पर योग सत्र आयोजित होगा
गुरुग्राम, 19 जून, 2026 । ‘निरोगी तन, निर्मल मन और जागृत आत्मा’ के पावन संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशव्यापी योग एवं आध्यात्मिक जागरूकता अभियान का आयोजन कर रहा है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान मानव कल्याण, समग्र स्वास्थ्य तथा आत्मिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सतगुरु माता जी का प्रेरणादायी संदेश “स्वस्थ मन, सहज जीवन” इस सत्य को प्रतिपादित करता है कि जीवन की वास्तविक समृद्धि केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन, भावनात्मक परिपक्वता और आध्यात्मिक जागरूकता में निहित है।
सतगुरु माता जी के अनुसार मानव शरीर परमात्मा की अमूल्य देन है, जिसकी उचित देखभाल एवं सुदृढ़ता व्यक्ति को अपने आध्यात्मिक, सामाजिक एवं मानवीय दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने में सक्षम बनाती है। मिशन का यह अभियान योग को केवल शारीरिक व्यायाम के रूप में नहीं, बल्कि आत्मबोध, आंतरिक शांति, मानवीय एकता और विश्वबंधुत्व की भावना को विकसित करने वाली एक समग्र जीवन-पद्धति के रूप में अपनाने का संदेश देता है।
इसी प्रेरणा के अंतर्गत संत निरंकारी मिशन द्वारा रविवार, 21 जून 2026 को प्रातः 6:00 बजे स्थानीय संत निरंकारी सत्संग भवन सेक्टर 31 और बसई रोड पर भारतवर्ष के 1500 से अधिक केंद्रों पर एक साथ योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। मिशन की विभिन्न शाखाओं द्वारा स्थानीय योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खुले मैदानों एवं पार्कों में आयोजित इन कार्यक्रमों में श्रद्धालु, सेवादल स्वयंसेवक तथा स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (“Yoga for Healthy Ageing”) है। यह विषय हमें स्मरण कराता है कि वास्तविक स्वास्थ्य केवल रोगमुक्त शरीर का नाम नहीं, बल्कि मानसिक स्थिरता, भावनात्मक संतुलन, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का समन्वित स्वरूप है। इसी दृष्टिकोण को अपनाते हुए संत निरंकारी मिशन योग को जीवन में संतुलन, सकारात्मकता और आत्मबोध का प्रभावी माध्यम मानते हुए समाज में व्यापक जागरूकता का प्रसार कर रहा है।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव जोगिन्दर सुखीजा जी ने बताया कि वर्ष 2015 से फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रव्यापी अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली धरोहर है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सशक्त बनाती है, बल्कि मन को स्थिरता, विचारों को सकारात्मकता और आत्मा को जागरूकता प्रदान करती है। योग के नियमित अभ्यास से तनाव एवं जीवनशैली संबंधी चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण प्राप्त किया जा सकता है तथा व्यक्ति आत्मिक संतोष, मानसिक प्रसन्नता और सामाजिक सद्भाव की दिशा में अग्रसर होता है।
आज की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण जीवनशैली में संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित ऐसे जनहितकारी प्रयासों का उद्देश्य लोगों को अपने सर्वांगीण कल्याण के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर स्वस्थ, संतुलित, ऊर्जावान और आनंदमय जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।







