तनाव खत्म होने के बाद ईंधन कीमतों में कटौती का औचित्य, जनता को मिले राहत : राव नरेंद्र सिंह
चंडीगढ़, 19 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में तत्काल कमी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव और युद्ध की आशंकाओं का हवाला देकर लंबे समय से ईंधन कीमतों को ऊंचा बनाए रखने का प्रयास किया जाता रहा है, लेकिन अब हालात सामान्य होने के बाद सरकार के पास कीमतें कम न करने का कोई औचित्य नहीं बचता।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता आने के बावजूद देश की जनता महंगे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का बोझ उठाने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने पहले ही आम आदमी की कमर तोड़ दी है और ईंधन की ऊंची कीमतों का सीधा असर परिवहन, खाद्य पदार्थों तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए करों में कटौती कर आम जनता को राहत दी जाए तथा घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी उल्लेखनीय कमी की जाए। उनका कहना था कि यदि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर कीमतों में बढ़ोतरी की जा सकती है तो हालात सामान्य होने पर उसका लाभ भी सीधे जनता तक पहुंचना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार आम लोगों के हितों और उनकी समस्याओं की आवाज उठाती रही है तथा आगे भी महंगाई से राहत दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से राजनीतिक प्रचार पर ध्यान देने के बजाय जनता को राहत देने वाले ठोस कदम उठाने की अपील की।








