प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

चंडीगढ़, 18 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों ने मुलाकात की। यह मुलाकात चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में हुई। इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य एवं हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव डॉ. युद्धवीर भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार योग एवं योगासन के प्रचार-प्रसार तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से योगासन खेल को हरियाणा की खेल नीति में शामिल करने तथा योगासन खिलाड़ियों को अन्य खेलों के खिलाड़ियों के समान सुविधाएं उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया।

प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हरियाणा के 11 खिलाड़ियों में अभिषेक शर्मा, अर्जुन, सुमित, विकास लाठर, हरि शंकर, बीरेंद्र कुमार यादव, मनीषा, मधु वर्मा, देवी, सृष्टि एवं देवांशी शामिल रहे।

खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को विश्व चैंपियनशिप में अपने प्रदर्शन की जानकारी दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग और प्रोत्साहन से वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा और भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।

हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि योग और योगासन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोग निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व का विषय है तथा इससे युवाओं को योग अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के उपाध्यक्ष श्री रोशनलाल, रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार, राष्ट्रीय कोच विकास पचौरी एवं कोमल वर्मा, राज्य कोच अंश, कीर्ति इन्सां एवं नितिन कुमार तथा सभी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!