वानप्रस्थ में सर्वोदय अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क हृदय एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

60 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श सेवाएं व निःशुल्क दवाइयां

हिसार। वानप्रस्थ सीनियर सिटीज़न क्लब, हिसार में सर्वोदय मल्टीस्पेशलिटी एवं कैंसर अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क हृदय एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अस्पताल के प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अविराज चौधरी तथा वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. मोहित जिंदल ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य मरीजों की ब्लड शुगर, रक्तचाप, ईसीजी, ऑक्सीजन सैचुरेशन और हीमोग्लोबिन (एचबी) सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की गईं। दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन की ओर से जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।

वानप्रस्थ सीनियर सिटीज़न क्लब के महासचिव डॉ. जे.के. डांग ने सर्वोदय अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल के लिए इस प्रकार के शिविर अत्यंत उपयोगी और सराहनीय हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी अस्पताल के सहयोग से ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होते रहेंगे।

करीब साढ़े चार घंटे तक चले इस शिविर में 60 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और अन्य लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!