26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन, 12 माह मानदेय और रिटायरमेंट लाभ की मांग; 10 अगस्त को होगा जेल भरो आंदोलन

गुरुग्राम, 18 जून। मिड डे मील वर्कर्स यूनियन, गुरुग्राम के बैनर तले गुरुवार को कमला नेहरू पार्क में सैकड़ों मिड डे मील वर्करों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली गई तथा अग्रवाल धर्मशाला के निकट उनका पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। सभा की अध्यक्षता जिला प्रधान मूर्ति ने की, जबकि संचालन जिला सचिव नीतू ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य महासचिव उषा सरोहा ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिड डे मील वर्कर्स का लगातार शोषण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की करीब 28 हजार मिड डे मील वर्कर्स अत्यंत कठिन परिस्थितियों में काम कर रही हैं। बढ़ती महंगाई ने उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर दिया है, जबकि वे स्कूलों में देश की भावी पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

जिला प्रधान मूर्ति ने कहा कि मई 2022 में मिड डे मील वर्कर्स के लिए 7 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित किया गया था। इसके बाद महंगाई में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि जिस समय यह मानदेय तय किया गया था, उस समय हरियाणा में न्यूनतम वेतन करीब 9 हजार रुपये था, जिसे अब बढ़ाकर 15,220 रुपये कर दिया गया है। ऐसे में मिड डे मील वर्कर्स के मानदेय में भी उचित बढ़ोतरी की जानी चाहिए।
जिला सचिव नीतू ने मांग करते हुए कहा कि मिड डे मील वर्कर्स को 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन दिया जाए, 12 महीने का मानदेय सुनिश्चित किया जाए, रिटायरमेंट लाभ प्रदान किए जाएं, स्कूलों के विलय की प्रक्रिया रोकी जाए तथा हटाई गई वर्कर्स को पुनः काम पर रखा जाए। उन्होंने नई शिक्षा नीति को वापस लेने की भी मांग की।

यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मिड डे मील वर्कर्स की मांगों को लेकर बार-बार बातचीत का आश्वासन दिया, लेकिन किसी भी मांग का समाधान नहीं किया। नेताओं ने कहा कि 9 जून को हरियाणा सचिवालय में यूनियन प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन मंत्री स्वयं उपस्थित नहीं हुए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेश की सभी मिड डे मील वर्कर्स 4 अगस्त को मुख्यमंत्री के गृह नगर कुरुक्षेत्र में हड़ताल कर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करते हुए पड़ाव डालेंगी। इसके बाद 10 अगस्त को हजारों वर्कर्स जेल भरो आंदोलन में भाग लेंगी।
वक्ताओं ने महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। इस मुद्दे पर भी यूनियन आगामी दिनों में जागरूकता और संघर्ष अभियान चलाएगी।
इस अवसर पर सीटू से दिनेश रंगा, ज्ञान-विज्ञान समिति से ईश्वर नास्तिक, जिला कोषाध्यक्ष कविता, सीमा चुघ, सुनीता, सीमा, निर्मला और कविता सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभा को संबोधित किया।








