ऑटोमोबाइल उद्योग में बढ़ती मानव संसाधन चुनौतियों और स्किल डेवलपमेंट पर हुआ मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एफआईआई एवं पीएनजीआई की बैठक में कौशल विकास के माध्यम से मानव संसाधनों की कमी दूर करने पर जोर।

गुरुग्राम। (जतिन /राजा )आज गुरुग्राम के उद्योग विहार में स्थित कैपेरो मारुति में एफआईआई एवं पीएनजीआई के सहयोग से मानव संसाधनों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ऑटोमोबाइल उद्योग के विभिन्न प्रतिष्ठित संगठनों के सीएचआरओ एवं मानव संसाधन प्रमुखों ने भाग लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए।

बैठक की अध्यक्षता एफआईआई के जनरल डायरेक्टर दीपक जैन ने की। इस अवसर पर एफआईआई हरियाणा के चेयरमैन एवं कैपेरो मारुति के सीईओ विनोद बापना ने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग जगत कुशल एवं प्रशिक्षित मानव संसाधनों की कमी से गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है। यह समस्या लगातार बढ़ रही है और उद्योगों की उत्पादकता एवं विकास को प्रभावित कर रही है।

विनोद बापना ने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों को बढ़ावा देना आवश्यक है। युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के योग्य बनाया जा सकता है। इससे एक ओर जहां बेरोजगार युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, वहीं दूसरी ओर उद्योगों में योग्य मानव संसाधनों की कमी को भी दूर किया जा सकेगा।

बैठक के दौरान सोना कॉमस्टार रेलवे बिजनेस के सीएचआरओ अमीन राव ने सुझाव दिया कि इस महत्वपूर्ण विषय पर सरकार के साथ भी सार्थक संवाद स्थापित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में सरकार, उद्योग एवं प्रशिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है, ताकि प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन तैयार किए जा सकें तथा उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

बैठक में उपस्थित एफआईआई इंटरनेशनल अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन हितेंद्र महता,स्किल कमेटी की जॉइंट डायरेक्टर डॉ विशिका यादव समेत सभी प्रतिनिधियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि उद्योग जगत में मैनपावर की चुनौती का समाधान केवल सामूहिक प्रयासों, कौशल विकास कार्यक्रमों और उद्योग-सरकार सहयोग के माध्यम से ही संभव है। साथ ही भविष्य में इस दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने और आवश्यक सुझाव संबंधित विभागों तक पहुंचाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में उद्योग जगत के कई वरिष्ठ मानव संसाधन विशेषज्ञों एवं एआई प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा रोजगार सृजन, कौशल विकास और उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!