अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग मैराथन आयोजित, आमजन व खिलाड़ियों ने की सहभागिता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*21 जून को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम*

*भीम अवार्डी पूनम तनेजा का आह्वान, योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर लें भाग*

गुरुग्राम, 15 जून। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को नेहरू स्टेडियम से योग मैराथन का आयोजन किया गया। आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन को भीम अवार्डी पूनम तनेजा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला में योग दिवस आयोजन के नोडल अधिकारी एवं एएलसी कुशल कटारिया सहित खेल एवं आयुष विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भीम अवार्डी पूनम तनेजा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का एक जन आंदोलन है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है।

उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

जिला में योग दिवस आयोजन के नोडल अधिकारी एवं एएलसी कुशल कटारिया ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर आयुष विभाग द्वारा प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम, योग अभ्यास सत्र एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को योग दिवस कार्यक्रमों से जोड़ना तथा योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जबकि ब्लॉक स्तर पर सोहना, पटौदी और बादशाहपुर में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली, आयुष विभाग से डॉ. मोनिका, डॉ. भूदेव सहित खेल एवं आयुष विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!