सीपीए सम्मेलन के सफल आयोजन पर विस अध्यक्ष ने स्टाफ की सराहना की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा – टीम भावना, समर्पण और उत्कृष्ट प्रबंधन ने रचा सफलता का नया अध्याय

चंडीगढ़, 11 जून – हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में 8 से 10 जून तक आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र जोन-II सम्मेलन के सफल एवं गरिमामय आयोजन पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

इस अवसर पर वीरवार को विधान सभा सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सम्मेलन के अनुभव साझा किए तथा आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सचिवालय के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी ने एक सशक्त और समर्पित परिवार की भावना के साथ एकजुट होकर कार्य करते हुए सम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं को अत्यंत कुशलता एवं जिम्मेदारी के साथ संभाला। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और टीमवर्क के कारण ही यह आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बन सका।

विस अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने हरियाणा की उत्कृष्ट मेजबानी, व्यवस्थाओं और आतिथ्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि हरियाणा विधान सभा ने अपनी कार्यकुशलता और संगठन क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों पर प्रदेश की अच्छी छाप छोड़ी है।

उन्होंने कहा कि इस सफल आयोजन ने न केवल हरियाणा विधान सभा व सरकार की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई प्रदान की है, बल्कि देशभर में विधायिका की सकारात्मक एवं प्रभावी कार्यप्रणाली का सशक्त संदेश भी पहुंचाया है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!