समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने सुनीं आमजन की समस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

जनता और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास

गुरुग्राम, 11 जून-हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं की सुनवाई की। शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शिकायतों के समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं रखने तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव हो, उनका मौके पर ही निपटारा किया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

हितेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है, जिससे नागरिकों और प्रशासन के बीच समन्वय और बेहतर हुआ है।

उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराने तथा उनसे फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाएं।

इस अवसर पर एसीपी मुकेश कुमार, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, एसडीओ राकेश कौशिक, सुमन कश्यप, जेई सुरेन्द्र, इनवेस्टिगेटर संजय, एलडीएम विनोद कुमार तथा ईओ राकेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!